बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता वरुण धवन (Varun Dhawan) इस समय मुश्किल वक्त से गुजर रहें हैं। दरअसल, वरुण धवन के ड्राइवर मनोज का निधन हो गया। वरुण धवन के ड्राइवर का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ है। मनोज एक्टर के साथ महबूब स्टूडियो आए हुए थे, जहां उन्हें हार्ट अटैक आया। हार्ट अटैक की खबर सुनते ही वरुण धवन और उनकी टीम ने तुरंत मनोज को लीलावती अस्पताल पहुंचाया, मगर वहां डॉक्टरों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया। मनोज कई सालों से वरुण धवन के लिए काम कर रहे थे।
बता दें कि, मनोज सुबह वरुण को लेकर महबूब स्टूडियो गए थे, जहां वरुण धवन कुछ ऐड शूट कर रहे थे। मनोज को अचानक सीने में दर्द होने लगा, जिसके बाद वरुण और बाकी क्रू उन्हें पास के अस्पताल ले गए। लीलावती अस्पताल के डॉक्टर अजय पांडे ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि, उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।
काफी दुखी हैं वरुण धवन:
सूत्रों की मानें, तो वरुण धवन इस खबर से काफी ज्यादा दुखी हो गए हैं। वरुण के पिता डेविड धवन ने उन्हें संभाला है। मनोज हमेशा से वरुण धवन के काफी करीबी था। सूत्रों के मुताबिक, ड्राइवर की मौत के बाद वरुण धवन, मनोज के परिवार का ध्यान रखेंगे।
वरुण धवन की आने वाली फिल्में:
वहीं अगर वरुण धवन के वर्क फ्रंट की बात करें, तो वरुण धवन जल्द ही कृति सेनन के साथ फिल्म 'भेड़िया' में नजर आने वाले हैं। जिसको अमर कौशिक डायरेक्ट कर रहे हैं। इसके अलावा वरुण धवन फिल्म 'जुग- जुग जियो' में भी नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ अभिनेता अनिल कपूर, कियारा आडवाणी और नीतू कपूर भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। हाल ही में फिल्म के कलाकारों ने फिल्म की रिलीज की तारीख का खुलासा किया था। इसके अलावा वरुण धवन डायरेक्टर राजकुमार हिरानी की अपकमिंग फिल्म में नजर आने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का नाम 'मेड इन इंडिया' होगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।