अभिनेत्री जमुना का निधन
अभिनेत्री जमुना का निधनSocial Media

दिग्गज तेलुगू अभिनेत्री जमुना ने दुनिया को कहा अलविदा, आंध्र प्रदेश के CM ने दी श्रद्धांजलि

फिल्म इंडस्ट्री से एक बुरी खबर सामने आई है। खबर आई है कि, दिग्गज दक्षिण भारतीय अभिनेत्री जमुना (Jamuna) का निधन हो गया है, वो 86 वर्ष की थीं।

राज एक्सप्रेस। फिल्म इंडस्ट्री से एक बुरी खबर सामने आई है। खबर आई है कि, दिग्गज दक्षिण भारतीय अभिनेत्री जमुना (Jamuna) का निधन हो गया है, वो 86 वर्ष की थीं। अभिनेत्री जमुना ने आज शुक्रवार को हैदराबाद में अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह काफी समय से उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित चल रही थीं। उनके निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है और सभी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

बता दें कि, तेलुगू अभिनेत्री जमुना का जन्म 30 अगस्त, 1936 को कर्नाटक के हम्पी में हुआ था। उनके माता-पिता, निप्पनी श्रीनिवास राव और कौशल्या देवी बाद में आंध्र प्रदेश चले गए। जमुना का असली नाम जाना बाई था, उन्होंने 16 साल की उम्र में गरिकापारी राजाराव द्वारा निर्देशित फिल्म 'पुत्तिलु' से साल 1953 में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। जमुना ने अपनी प्राथमिक शिक्षा गुंटूर जिले के दुग्गीराला में प्राप्त की थी। स्कूल के दिनों से ही वो एक मंच कलाकार थीं।

तेलुगु, तमिल के अलावा हिंदी फिल्मों में भी किया था काम:

जमुना फिल्म इंडस्ट्री की दिग्गज अभिनेत्रियों में से एक थीं। जमुना ने तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और हिंदी में लगभग 200 फिल्मों में अभिनय किया था। अभिनेत्री ने 11 हिंदी फिल्मों में भी काम किया। जमुना ने अभिनेता सुनील दत्त के साथ भी काम किया था। उन्होंने सुनील दत्त और नूतन अभिनीत फिल्म 'मिलन' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार अपने नाम किया था।

राजनीति में भी आजमाया था हाथ:

अभिनेत्री जमुना ने एक्टिंग के अलावा राजनीति में भी अपना हाथ आजमाया था। उन्होंने 1980 में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की और 1989 में राजमुंदरी से लोकसभा के लिए चुनी गईं, लेकिन 1991 में हार के बाद उन्होंने राजनीति छोड़ दी।

सीएम जगन मोहन रेड्डी और महेश बाबू ने व्यक्त किया शोक:

अभिनेत्री जमुना के निधन पर आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी ने शोक व्यक्त किया है। उनके अलावा साउथ अभिनेता महेश बाबू ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर ने भी ट्विटर पर अभिनेत्री जमुना की तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com