अभिषेक बच्चन भी कोरोना की चपेट में, जया-ऐश्वर्या की रिपोर्ट आई नेगेटिव
Abhishek Bachchan: महानायक अमिताभ बच्चन के साथ उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों ने अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी है। बता दें कि, अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को हल्का संक्रमण है। एंटीजन टेस्ट से दोनों के संक्रमित होने का पता चला था, जिसके बाद उन्हें नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जया, ऐश्वर्या, आराध्या की रिपोर्ट आई नेगेटिव:
परिवार के अन्य सदस्यों के साथ स्टाफ के सदस्यों का भी टेस्ट कराया गया था, जिसमें जया बच्चन, ऐश्वर्या और आराध्या की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बाकी स्टाफ के सदस्यों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
डॉक्टर ने कहा-घबराने वाली बात नहीं:
अमिताभ बच्चन की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टर का कहना है कि, घबराने वाली कोई बात नहीं है। पहले उनके ऑक्सीजन का लेवल 90 के आस-पास चला गया था, लेकिन अब वो वापस 95 के आस-पास है। डॉक्टरों का कहना है कि, उनकी हालत स्थिर है और घबराने वाली कोई बात नहीं है।
अभिषेक बच्चन ने ट्विटर पर दी जानकारी:
वहीं, अभिषेक ने अपने ट्वीट में लिखा, "मुझे और मेरे पिता को आज कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। हम दोनों में ही बहुत हल्के लक्षण पाए गए थे। हमें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। हमने सभी जरूरी प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी है। हमारे परिवार व बाकी स्टॉफ का टेस्ट किया जा रहा है। मैं सभी से निवेदन करता हूं कि, धैर्य बनाए रखें और डरें नहीं, शुक्रिया।"
सोशल मीडिया पर कर रहे हैं स्वस्थ होने की कामना:
अमिताभ बच्चन के कोरोना संक्रमित होने की खबर आते ही सोशल मीडिया पर उनके स्वस्थ होने की कामना की जाने लगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस समेत अनेक राजनीतिक हस्तियों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सितारों से लेकर बॉलीवुड कलाकारों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। इनमें ममूटी, महेश बाबू, बिपाशा बसु, राजकुमार राव, अनुपम खेर, सोनम कपूर समेत कई सितारे शामिल हैं।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।