
दिल्ली, भारत। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) को 'राष्ट्रपत्नी' कहे जाने को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chowdhury) ने आज सफाई दे दी है। उन्होंने कहा कि, मैंने जानबूझ कर ये नहीं कहा था, मेरे मुंह से ये गलती से निकल गया था।
बता दें कि, सोनिया गांधी द्वारा नियुक्त नेता सदन अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 'राष्ट्रपत्नी' कहकर संबोधित किया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने करारा हमला किया है। हालांकि, विवाद बढ़ता देख अधीर रंजन ने अपने बयान पर सफाई दी है।
बयान पर अधीर रंजन ने दी सफाई:
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि, "दो दिन से जब हम विजय चौक के तरफ जा रहे थे। हमसे पूछा जा रहा था कि आप कहा जा रहे हैं। हम उनसे कह रहे थे कि हम राष्ट्रपति भवन जाना चाहते हैं और राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं। कल मुझसे गलती से ये (राष्ट्रपत्नी) शब्द निकला था।"
उन्होंने कहा कि, "मैं जानता हूं कि भारत की राष्ट्रपति चाहे कोई भी हो वे हमारे लिए राष्ट्रपति ही हैं। ये शब्द बस एक बार निकला है। ये चूक हुई है। लेकिन सत्ताधारी पार्टी के कुछ लोग राई का पहाड़ बना रहे हैं।"
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कही यह बात:
वहीं दूसरी तरफ इस मुद्दे पर रिएक्शन देते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि, "स्पष्ट रूप से लोकसभा के विपक्ष के नेता का उद्देश्य नवनिर्वाचित राष्ट्रपति का अपमान करना था। जो एक स्व-निर्मित महिला हैं, एक आदिवासी पृष्ठभूमि से आती हैं। पूरा भारत उनका समर्थन कर रहा है। 'राष्ट्रपत्नी' शब्द का प्रयोग कहीं नहीं होता है।"
उन्होंने आगे कहा कि, "राष्ट्रपति शब्द पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए समान रूप से इस्तेमाल होता है। यह एक सामान्यज्ञान है।"
सोनिया गांधी का बयान आया सामने:
वहीं, इस पूरे मामले पर सोनिया गांधी का भी बयान सामने आया है। इस पूरे विवाद पर सोनिया गांधी का कहना है कि, अधीर रंजन चौधरी ने इस पर मांफी मांग ली है।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।