महंगाई की एक और मार! LPG सिलेंडर के फिर बढ़े दाम
महंगाई की एक और मार! LPG सिलेंडर के फिर बढ़े दामSocial Media

महंगाई की एक और मार! LPG सिलेंडर के फिर बढ़े दाम, महाराष्ट्र और एमपी में विरोध प्रदर्शन

खबर है कि, घरेलू रसोई गैस की कीमतों में 50 रुपये की वृद्धि की गई है अब दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1103 रुपये हो गई है।

नई दिल्ली। अगले महीने देशभर में होली का त्यौहार मनाया जाएगा, जिसके लिए सभी इसकी तैयारियों में जुट गए हैं। होली के इस खास मौके पर सभी के घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं। इसी बीच खबर आई है कि, होली से महज कुछ दिन पहले घरेलू और कमर्शियल गैस के दामों में बढ़ोत्तरी हुई है।

बता दें कि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपये की वृद्धि की गई है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ गए हैं। वहीं, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 350.50 रुपये का इजाफा किया गया है। दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 2119.50 रुपये का मिलेगा। जबकि घरेलू LPG सिलेंडर 1103 रुपये का हो गया, बढ़े हुए दाम आज से ही लागू हो गए हैं।

मल्लिकार्जुन खरगे ने दी प्रतिक्रिया:

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर और वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि ‘लूट के फरमान' कब तक जारी रहेंगे? खरगे ने ट्वीट किया, "घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़े, वाणिज्यिक गैस सिलेंडर 350 रुपये महंगे हुए। जनता पूछ रही है-अब कैसे बनेंगे होली के पकवान, कब तक जारी रहेंगे लूट के ये फरमान?"

महाराष्ट्र और एमपी में विरोध प्रदर्शन:

वहीं, महाराष्ट्र में किसान मुद्दों और घरेलू एवं वाणिज्यिक LPG सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर महा विकास अघाड़ी (MVA) ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, मध्य प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश विधानसभा के बाहर घरेलू और वाणिज्यिक LPG सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के लिए बता दें कि, पिछले साल 2022 में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर करीब 150 रुपये महंगा हुआ था। कामर्शियल गैस सिलेंडर के दाम पिछली बार 25 रुपये तक बढ़े थे। बता दें, 6 जुलाई 2022 के बाद से ही घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में कोई इजाफा नहीं किया गया था।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co