दिल्ली: भाजपा की आज राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, इन मुद्दों पर रहेगा फोकस
दिल्ली, भारत। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की आज सोमवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक हो रही है, जो काफी अहम मानी जा रही है। इस दौरान भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में भाजपा का इन प्रमुख मुद्दों पर फोकस रह सकता है।
आज से भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक शुरू :
दरअसल, इस साल 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव और अगले साल लोकसभा चुनाव होने है, इससे पहले भाजपा की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के एनडीएमसी सेंटर में आज से राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक शुरू हो रही है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा 30 से ज्यादा केंद्रीय मंत्री, 12 मुख्यमंत्री, 5 उपमुख्यमंत्री के साथ ही कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहेंगे। भाजपा का फोकस उन मुद्दों पर होगा, जो जनता की जरूरतों को भी पूरा करे और भावनात्मक रूप से भी जोड़े। मुस्लिम महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा पर अलग से चर्चा होगी।
बैठक से पहले होगा PM मोदी का राेड शो :
बताया जा रहा है कि, भाजपा की बैठक से पहले संसद मार्ग से सभास्थल एनडीएमसी सेंटर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो होगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता संसद मार्ग पर PM मोदी का जोरदार स्वागत करेंगे। तो वहीं, PM मोदी के रोड शो के चलते दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दोपहर ढाई बजे से शाम 5 बजे तक कुछ रास्तें बंद रहेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने बताया इन विषयों पर होगी चर्चा :
भाजपा की आज होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी नेताओं का किन मुद्दों पर चर्चा या कहे फोकस रहने वाला है। इस बारे में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने जानकारी देते हुए बताया है कि, ''सेवा, संगठन और समर्पण, विश्व गुरु भारत, सुशासन सर्वप्रथम, मुस्लिम महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा, वंचितों का सशक्तीकरण, समावेशी और सशक्त भारत एवं संस्कृति के वाहक जैसे विषयों पर चर्चा होगी।''
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।