भोपाल : कोरोना नियंत्रण के लिए सभी जिले अपनाएं बैस्ट प्रेक्टिसेस

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को निवास से वीसी के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा प्रभारी मंत्री स्वयं भी होम आइसोलेशन के मरीजों से बात करें।
समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री
समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्रीSocial Media

हाइलाइट्स :

  • मुख्यमंत्री ने कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा।

  • कोरोना कर्फ्यू, मास्क पर सख्ती, व्यापक सर्वे आवश्यक।

  • हर जिले में होम आइसोलेशन व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।

भोपाल, मध्यप्रदेश। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना नियंत्रण के लिए खंडवा, बुरहानपुर, देवास एवं छिंदवाड़ा जिलों ने अच्छा काम किया है। इन जिलों में कोरोना पॉजिटिविटी रेट उल्लेखनीय रूप से कम हुआ है, नए प्रकरण कम आ रहे हैं और रिकवरी लगातार बढ़ रही है। यहां अपनाई गई बैस्ट प्रेक्टिसेस को अन्य जिले भी लागू करें। कोरोना कर्फ्यू, मास्क पर सख्ती तथा व्यापक सर्वे कोरोना संक्रमण रोकने में प्रभावी हैं। श्री चौहान ने कहा कि सभी प्रभारी मंत्री अपने जिलों में अच्छा कार्य कर रहे हैं। हर जिले में होम आइसोलेशन व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए। वहां मरीजों को दवा, चिकित्सा, परामर्श, उनकी मॉनीटरिंग के अलावा दिन में कम से कम दो बार उनसे बात की जाए। प्रभारी मंत्री स्वयं भी होम आइसोलेशन के मरीजों से बात करें। श्री चौहान शुक्रवार को निवास से वीसी के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे।

वीसी में प्रभारी मंत्रीगण अपने-अपने जिलों से शामिल हुए। भोपाल से मंत्री विश्वास सारंग, इंदौर से तुलसी सिलावट, जबलपुर से अरविंद सिंह भदौरिया, ग्वालियर से प्रद्युम्न सिंह, उज्जैन से मोहन यादव, शाजापुर से इंदर सिंह परमार, शिवपुरी से श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, नीमच से ओमप्रकाश सखलेचा, खरगोन से हरदीप सिंह डंग, रीवा से रामखेलावन पटेल, शहडोल से बिसाहूलाल सिंह, रायसेन से डॉ. प्रभुराम चौधरी, राजगढ़ से महेंद्र सिंह सिसोदिया, बैतूल से कमल पटेल, धार से राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, रतलाम से जगदीश देवड़ा, सिवनी से रामकिशोर कांवरे, उमरिया से सुश्री मीना सिंह, अशोकनगर से बृजेन्द्र सिंह, बड़वानी से प्रेम सिंह पटेल शामिल हुए। वी.सी. में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, अपर मुख्य सचिव गृह राजेश राजौरा तथा सभी संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा एवं देवास जिलों में अच्छा कार्य हुआ :

कोरोना नियंत्रण में खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा एवं देवास जिलों में अच्छा कार्य हुआ है। इन सभी जिलों में पॉजिटिविटी रेट में निरंतर गिरावट आयी है, नए प्रकरण आना कम हो गए हैं और बड़ी संख्या में मरीज ठीक हुए हैं। खण्डवा में पॉजिटिविटी रेट 4.6 प्रतिशत हो गई है, नए प्रकरण 19 आए हैं और 24 मरीज ठीक हुए हैं। इसी प्रकार बुरहानपुर में पॉजिटिविटी रेट 4.90 प्रतिशत है, नए मरीज 28 आए हैं तथा 30 मरीज ठीक हुए हैं। महाराष्ट्र बार्डर पर स्थित होने के बाद भी बुरहानपुर में कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। छिंदवाड़ा जिले में पॉजिटिविटी रेट 9.73 प्रतिशत रह गई है, जो पहले काफी अधिक थी। नए प्रकरण 75 आए हैं जबकि 185 मरीज ठीक हो गए हैं। देवास की पॉजिटिविटी रेट 6.91 प्रतिशत है, यहाँ 35 नए मरीज आए हैं जबकि 165 मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में 59 हजार 183 एक्टिव प्रकरण हैं। नए प्रकरण 11 हजार 45 आए हैं। पॉजिटिविटी रेट 18.6 प्रतिशत है। संक्रमण की ²ष्टि से म.प्र. का देश में छठवा स्थान है। एक्टिव मरीजों में 68 प्रतिशत होम आयसोलेशन में है और 32 प्रतिशत अस्पतालों में हैं।

सीएम ने रेमडेसिविर के लिए केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा से की बात :

प्रदेश में ऑक्सीजन और रेमडेसिविर इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता है। 20 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन सनफार्मा कंपनी से मिल रहे हैं। मायलौन कंपनी को 50 हजार इंजेक्शन का ऑडर्र दिया गया है। एक लाख इंजेक्शन का ऑर्डर और दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रेमडेसिविर इंजेक्शन की उपलब्धता के लिए केंद्रीय उर्वरक एवं रसायन मंत्री सदानंद गौड़ा से भी वी.सी के दौरान बात की। उन्होंने आश्वस्त किया कि मध्यप्रदेश को पर्याप्त इंजेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com