मुरैना के विकास में जुड़ा एक और नया अध्याय : शिवराज
मुरैना के विकास में जुड़ा एक और नया अध्याय : शिवराजSocial Media

मुरैना के विकास में जुड़ा एक और नया अध्याय : शिवराज

मुरैना, मध्यप्रदेश: सीएम ने फ्लाई ओवर के लोकार्पण कार्यक्रम को भोपाल से संबोधित करते हुए कहा कि फ्लाई ओवर के निर्माण से मुरैना में आवागमन सुविधाजनक होगा। आज मुरैना के विकास में एक नया अध्याय जुड़ा है।

मुरैना, मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग से प्रदेश में विकास-गाथा लिखी जा रही है। इस विकास-गाथा में नित नए अध्याय जुड़ेंगे।

श्री चौहान मुरैना में 108 करोड़ रुपए की लागत से बने 1.5 किमी लंबे फ्लाई ओवर के लोकार्पण कार्यक्रम को भोपाल से वेबकास्ट पर संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय कृषि तथा पंचायत राज ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल व्हीके सिंह, केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते तथा राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम में डिजिटल सहभागिता की।

श्री चौहान ने फ्लाई ओवर के लिए केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फ्लाई ओवर के निर्माण से मुरैना में आवागमन सुविधाजनक होगा। आज मुरैना के विकास में एक नया अध्याय जुड़ा है। उन्होंने कहा कि मुरैना को नगर निगम बनाने, अस्पताल तथा कलेक्ट्रेट भवन निर्माण, सड़क नेटवर्क व सिंचाई सुविधा के विस्तार जैसी गतिविधियों से क्षेत्र प्रगति के पथ पर अग्रसर हो रहा है। भिंड में सैनिक स्कूल और मुरैना में चंबल से पानी लाने की दिशा में भी कार्य जारी है। विकास गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी। मुरैना देश में अपनी विशेष पहचान बनाएगा। उन्होंने ग्वालियर में दिव्यांग परिसर के लिए केन्द्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की पहल पर आए कृषि बिल किसान की आय को दोगुना करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

फ्लाई ओवर से प्रदूषण और दुर्घटनाओं से मिलेगी मुक्ति : तोमर

केंद्रीय कृषि एवं पंचायत राज ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने लोकार्पण अवसर पर कहा कि फ्लाई ओवर से समय भी बचेगा और ईंधन भी। साथ ही प्रदूषण और दुर्घटनाओं से मुक्ति मिलेगी। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल व्हीके सिंह ने इस अवसर पर कहा कि बेहतर सड़कें विकास को गति देती हैं। इस फ्लाई ओवर से क्षेत्र की दशा और दिशा बदलेगी। कार्यक्रम में सांसद विष्णु दत्त शर्मा, किसान कल्याण तथा कृषि विकास राज्य मंत्री गिर्राज दंडौतिया, पूर्व मंत्री रूस्तम सिंह तथा मुंशीलाल उपस्थित थे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com