नगर परिषद के 2 करोड़ 95 लाख लागत के कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन संपन्न

नगर परिषद के 2 करोड़ 95 लाख के कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन संपन्न करते हुए बिसाहूलाल साहू ने कहा विकास में पैसे की कमी नहीं होने दूंगा।जिले को विशेष पहचान देने चहुंमुंखी विकास के प्रयास जारी रहेंगे।
विकास की सौगात के लिए खाद्य मंत्री का जैतहरी में हुआ नागरिक अभिनंदन
विकास की सौगात के लिए खाद्य मंत्री का जैतहरी में हुआ नागरिक अभिनंदनSitaram Patel
Summary

जैतहरी पहुंचे खाद्य मंत्री ने विकास कार्यो का लोकार्पण तथा भूमिपूजन कर करोड़ों की सौगात नगरवासियों को दी है। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती नवरत्नी शुक्ला के साथ नगर के गणमान्य नागरिक की मौजूदगी में कार्यक्रम का आयोजन कर खाद्य मंत्री का अभिनंदन किया गया। सभी तबके और क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए बहुसंख्यक योजनाओं तथा कार्यों का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। नवनिर्मित तुलसी मानस भवन सहित 2 करोड़ 95 लाख रुपये लागत के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर नगरवासियों को सौगात दी गई।

अनूपपुर, मध्यप्रदेश। नगर परिषद जैतहरी में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मध्यप्रदेश के खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि जैतहरी नगर अनूपपुर जिले का सबसे पुराना नगर है। इसके विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं रखी जाएगी। विकास कार्यों के जो भी प्रस्ताव होंगे, उन्हें शासन स्तर से स्वीकृत कराने के भरसक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व में 2 करोड़ 13 लाख के कार्य कराए गए हैं। मध्यप्रदेश की सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विष्वास के मूलमंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि साढ़े 6 करोड़ से ज्यादा लागत के बालक एवं बालिका छात्रावास जैतहरी क्षेत्र मे बनाये जाएंगे। जिससे यहां के गांवों के बच्चे सहज सुविधा के साथ विद्या अध्ययन करेंगे। उन्होंने कहा कि जैतहरी कॉलेज तक सड़क व विद्यार्थियों के लिए वाहन की सुविधा के प्रयास जारी हैं।

सामूहिक विवाहों को प्रोत्साहित करें :

उन्होंने कहा कि अनूपपुर जिला मध्यप्रदेश का आदर्श जिला हो तथा इसकी पहचान अलग हो इसे दृष्टिगत रखते हुए सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के लोग आगे आकर सामूहिक विवाहों को प्रोत्साहित करें। सामूहिक विवाह के आवश्यक प्रबंधन के लिए उन्हें मदद उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने अपने उद्बोधन में बताया कि मध्यप्रदेश की सरकार प्रदेश के सभी 87 ब्लाकों में घर-घर राशन पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है अब लोगों को झोला लेकर राशन दुकानों तक जाने की जरूरत नहीं होगी उन्हें घर पर ही राशन उपलब्ध होगा, जिससे वे अपने मजदूरी कार्यों से भी विमुख नहीं होंगे। उन्होने कहा कि जंगल के वनोपज का संग्रह एवं विक्रय कर आदिवासियों को देने के लिए कानून बनाने पर विचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के निर्माण के लिए रेत की उपलब्धता को सुगम बनाने के लिए भी सरकार यथाशीघ्र दिशा निर्देश जारी करने जा रही है।

जनसुविधाओं का ख्याल रखते हुए विकास किया जाएगा : अध्यक्ष

इस अवसर पर नगर परिषद जैतहरी की अध्यक्ष श्रीमती नवरत्नी शुक्ला ने निकाय द्वारा 2 करोड़ 95 लाख रुपये के कार्यों का विवरण देते हुए जनमानस को आश्वस्त किया कि परिषद मंत्री बिसाहूलाल सिंह के मार्गदर्शन में विभिन्न विकास कार्यों को पूर्ण करेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी जनसुविधाओं का ख्याल रखते हुए नगर का चहुंमुंखी विकास किया जाएगा। उन्होंने मंत्री श्री सिंह को जैतहरी नगर को दी गई सौगातों के लिए आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहकारी बैंक के पूर्व संचालक बृजेश गौतम ने कहा कि सामाजिक सांस्कृतिक धरोहर को संजोने, संरक्षित रखने व युवा पीढ़ी को स्मरण कराने के लिए नगर परिषद जैतहरी द्वारा चौराहों का जो नामकरण किया गया है वह प्रशंसनीय है। उन्होंने इतिहास से जोडऩे के कार्य के लिए निकाय को बधाई देते हुए जनता के विश्वास के साथ विकास कार्य कराते रहने की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम को विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

10 कार्यों का लोकार्पण तथा 5 कार्यों का भूमिपूजन :

मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री व क्षेत्रीय विधायक बिसाहूलाल सिंह ने नगर परिषद जैतहरी के वार्ड नं. 9 में निर्मित तुलसी मानस भवन लागत 61 लाख, वार्ड क्र. 7 में 35 लाख लागत के पं. दीनदयाल उपाध्याय शॉपिंग काम्प्लेक्स, वार्ड क्र. 3 में 21 लाख लागत के पं. अटल बिहारी बाजपयी शापिंग कॉम्प्लेक्स, तहसील के पास 55 लाख की लगत के शा. कन्या उ.मा.वि. में स्कूल कक्ष हाल, वार्ड क्र. 10 में 9 लाख की लागत से मुक्तिधाम में स्नानागार एवं पेवर ब्लाक लगाए जाने का कार्य, वार्ड क्र. 10 में 2 लाख की लागत के कब्रिस्तान में पेवर ब्लाक लगाए जाने के कार्य, वार्ड क्र. 9 में नया तालाब में 7 लाख की लागत के आर.सी.सी. रोड व चबूतरा, वार्ड क्र 8 में 4 लाख की लागत से शंकर मंदिर से सब्जी मण्डी शापिंग काम्पलेक्स तक आरसीसी नाली व सीसी रोड निर्माण, वार्ड क्र. 6 में 3 लाख की लागत से राजा भैया के घर से अजय अग्रवाल के घर तक आरसीसी नाली निर्माण, वार्ड क्र. 5 में 6 लाख की लागत से सुनील गुप्ता के दुकान से पुरुषोत्तम नापित के घर तक आरसीसी नाली एवं सीसी रोड निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। खाद्य मंत्री श्री सिंह ने 75 लाख की लागत के नगर परिषद जैतहरी से भोला नीखर के घर तक सीमेन्ट कंक्रीट रोड निर्माण कार्य तथा 7 लाख की लागत के वार्ड क्र. 5 अग्रसेन चौक, वार्ड क्र. 8 में भगवान परषुराम चौक, वार्ड क्र. 7 में अहिंसा चौक, वार्ड क्र. 13 में संत रविदास चौक निर्माण के कार्यों का भूमिपूजन किया।

इनकी रही उपस्थिति :

इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना, नगर परिषद जैतहरी की अध्यक्ष श्रीमती नवरत्नी शुक्ला, उपाध्यक्ष रविन्द्र राठौर, पूर्व विधायक सुदामा सिंह सिंग्राम, सहकारी बैंक के पूर्व संचालक बृजेष गौतम, समाजसेवी विजय शुक्ला, सिद्धार्थ शिव सिंह, श्याम नारायण शुक्ला, उदय प्रताप सिंह, अमितेष नामदेव, दिनेश राठौर, रोशन पनाडिय़ा, शिवरतन वर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं विभिन्न समाज के पदाधिकारी व पार्षदगण, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिन्ट मीडिया के पत्रकार उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में खाद्य मंत्री श्री सिंह का शाल, श्रीफल एवं पुष्प हार से नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन नरेश नापित द्वारा किया गया।

श्री सत्य साईं बाबा के 96 जन्म दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए खाद्य मंत्री :

अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई के श्रम कल्याण केंद्र में 23 नवंबर को श्री सत्य साईं सेवा समिति चचाई द्वारा श्री सत्य साईं बाबा का 96 जन्म दिवस कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास के साथ एक उत्सव के रूप में मनाया गया। उक्त कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह एवं अमरकंटक ताप विद्युत गृह के मुख्य अभियंता ए आर रिजवी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एसपी तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी श्रमिक एवं आसपास ग्रामीण क्षेत्रों से आए गरीब वृद्ध महिला एवं पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। उक्त कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री बिसाहूलाल सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन व आरती कर कार्यक्रम की शुरुआत की श्री सत्य साईं बाबा के इस जन्म उत्सव कार्यक्रम में सुबह 10 बजे से साईं समिति चचाई के भक्तों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा दीप प्रार्थना दीप प्रज्वलन ओमकार ध्यान वेद पाठ भजन सर्व धर्म प्रार्थना एवं महा मंगल आरती का कार्यक्रम आयोजित किए इसके बाद दोपहर 1 बजे विशिष्ट अतिथि मंत्री बिसाहूलाल सिंह के द्वारा गरीब आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए वृद्ध महिला एवं पुरुषों को कंबल भेंट किए तत्पश्चात दोपहर 2 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में भक्तगण प्रसाद ग्रहण करने के लिए इकठ्ठा हुए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी उक्त साईं समिति द्वारा विशाल कार्यक्रम को आयोजित किया, जिसमें मंडल के अधिकारियों कर्मचारियों व समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com