‘भारत जोड़ो यात्रा’ के MP में प्रवेश के पहले गृहमंत्री ने कमलनाथ पर साधा निशाना, कांग्रेस ने किया पलटवार
भोपाल, मध्यप्रदेश। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा जारी है, अब 20 नवंबर को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश पहुचेंगी, इस यात्रा में 9 दिन का समय बचा है। ऐसे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ खुद तैयारियों की मॉनीटरिंग और प्रतिदिन चर्चा कर रहे हैं। इस बीच मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बयान देते हुए कांग्रेस को जमकर घेरा है, राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के मध्यप्रदेश में प्रवेश के पहले राज्य के गृह मंत्री ने कमलनाथ पर निशाना साधा है।
नरोत्तम का कमलनाथ पर निशाना- ‘हे नाथ, यदुवंशियों से इतनी दूरी क्यों‘
डॉ. मिश्रा ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘हे नाथ, यदुवंशियों से इतनी दूरी क्यों‘ दरअसल पूरा मामला राहुल गांधी की आगामी 20 तारीख को यात्रा के प्रदेश में प्रवेश से जुड़ा हुआ है। राहुल गांधी की की भारत जोड़ो यात्रा राज्य के बुरहानपुर जिले से मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी और तीन दिन तक बुरहानपुर और खंडवा जिले में रहेगी।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव खंडवा जिले से हैं, लेकिन इस पूरे क्षेत्र में यात्रा की समस्त व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी बुरहानपुर से निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा को सौंप दी गई है। डॉ. मिश्रा ने इसी को लेकर कमलनाथ पर तंज कसा है। पार्टी की ओर से कल इस बारे में एक पत्र जारी किया गया, जिसमें शेरा को संबोधित करते हुए कहा गया कि, श्री गांधी की यात्र 20 से 23 तक बुरहानपुर और खंडवा जिले में रहेगी। कमलनाथ के निर्देश के अनुसार शेरा को इस अवधि के दौरान समस्त व्यवस्थाओं का प्रभारी बनाया गया है।
कांग्रेस ने किया पलटवार :
इधर, मध्यप्रदेश के गृहमंत्री के बयान पर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने पलटवार किया है। केके मिश्रा ने कहा है कि, नरोत्तम मिश्रा को प्रदेश की कानून व्यवस्था की चिंता करनी चाहिए। प्रदेश गुड्डे बदमाश का अभ्यारण्य बना हुआ है। उनको इस पर ध्यान देना चाहिए। कांग्रेस का कुटुंब संभालने के लिए हमारे प्रधान कमलनाथ जी सक्षम है। उनको चिंता करने की जरूरत नहीं है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।