झलक दिखाकर चले गए बादल, लेकिन आस के बादल अब भी छाए
झलक दिखाकर चले गए बादल, लेकिन आस के बादल अब भी छाएSyed Dabeer -RE

Bhopal Weather Update : झलक दिखाकर चले गए बादल, लेकिन आस के बादल अब भी छाए

समयवार मानसून आने से जून माह की बारिश सामान्य होने का अनुमान है। वहीं सीजन की बात की जाए तो मौसम विभाग ने इस वर्ष राजधानी सहित पश्चिमी मप्र में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।

भोपाल, मध्यप्रदेश। शुक्रवार को शहर में बादल छाने से बौछारें पड़ने का माहौल बना, लेकिन बादल झलक दिखाकर चले गए और बारिश का इंतजार पूरा नहीं हुआ। देर शाम को अवधपुरी सहित शहर में कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबंदी की खबर मिली है। हालांकि दिन में हीटिंग होने और बादलों की आवाजाही रहने से उमस रही, लेकिन राहत की बात यह है कि अब मानसूनी हलचल शुरू हो गई हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां काफी अनुकूल हैं।शनिवार से राजधानी सहित प्रदेश में प्री- मानसून गतिविधियों के गति पकड़ने और राहत की बौछारें पड़ने का अनुमान है। वहीं 15 से 20 जून के बीच मानसून के दस्तक देने की संभावना बन गई है। इसलिए वर्षा का सिलसिला अब जारी रहेगा। समयवार मानसून आने से जून माह की बारिश सामान्य होने का अनुमान है। वहीं सीजन की बात की जाए तो मौसम विभाग ने इस वर्ष राजधानी सहित पश्चिमी मप्र में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बढ़ी हलचल :

मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों में ही हलचल बढ़ने लगी है। हवाओं का रुख भी दक्षिण-पश्चिमी हो गया है। दक्षिण-पश्चिमी हवाएं, दक्षिण-पश्चिमी मानसून को आगे बढ़ाने के साथ ही नमी लेकर आती हैं। इससे वातावरण में नमी बढ़ने के कारण लोकल सिस्टम से सीबी क्लाउड यानि गरज चमक वाले बादल बनने (गोभी जैसे दिखने वाले बादल) लगते हैं और हल्की से मध्यम वर्षा होती है। वर्तमान में वातावरण में नमी बढ़ने लगी है, इसलिए शनिवार से मानसून पूर्व की गतिविधियों में शनिवार से तेजी आने की संभावना है। साहा ने बताया कि शनिवार को भोपाल, इंदौर, होशंगाबाद, जबलपुर संभागों के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने के आसार हैं।

ये सिस्टम सक्रिय :

साहा ने बताया कि वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में मानसून लगातार प्रगति कर रहा है। अरब सागर में भी गोवा तट के पास हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में ट्रफ के रूप में बना हुआ है। उत्तर प्रदेश के मध्य में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर मणिपुर तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। उत्तर-पूर्वी मप्र से लेकर आंध्रप्रदेश तक भी एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इससे लगातार नमी आने लगी है।

मौसम का हाल :

शुक्रवार को शहर में पारा हाई रहने से गर्मी के तेवर नरम नहीं हुए। दोपहर बाद से बादलों का दखल जारी रहा। देर शाम काले बादल देखकर ऐसा लगा कि अब तेज बारिश होगी ,लेकिन बारिश की उम्मीद पूरी नहीं हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 41.9 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 29.8 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को धूप भी निकलेगी और गरज चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com