भोपाल, मध्यप्रदेश। प्रदेश में महामारी कोरोना का प्रकोप जहां थमने का नाम नहीं ले रहा है वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में संक्रमण के माहौल में राजनीतिक जगत से विपक्ष और सरकार द्वारा एक दूसरे पर निशाना साधने की खबरें चर्चा में रहती हैं, इस बीच ही एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर बड़ा हमला किया है। जहां कहा कि, किसान आत्महत्या कर रहे हैं और सीएम का बाढ़ पर्यटन जारी है।
ट्वीट कर नाथ ने शिवराज सरकार पर बोला हमला
इस संबंध में, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट के जरिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर बड़ा हमला बोला है। जिसमें कहा कि, फसल बर्बाद होने के कारण एक तरफ जहां किसान आत्महत्या कर रहे हैं वहीं, दूसरी तरफ मुख्यमंत्री शिवराज का बाढ़ पर्यटन जारी है। उन्होंने कहा कि अब तक न तो कोई मुआवजा दिया, न ही कोई राहत दी, सिर्फ झूठी घोषणाओं से वे अन्नदाताओं को गुमराह करने में लगे हैं। प्रदेश में अतिवर्षा व बाढ़ से फसल खराब होने से किसान भाई मजबूर होकर आत्महत्या कर रहे हैं।
सीहोर के मृतक किसान को लेकर लगाया आरोप
इस संबंध में, सरकार पर नाथ ने आरोप लगाते हुए कहा कि सीहोर के मृतक किसान को तो पूरी सरकार मानसिक रोगी बताने में लगी रही। अब इन अन्य मृत किसानों की मौत को लेकर सरकार क्या कहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार आखिर कब सच्चाई स्वीकारेगी। शिवराज सरकार उप चुनावों को देखते हुए निरंतर राजनैतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर काम कर रही है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।