Bhopal : सर्द मौसम में गर्मी का अहसास, ऐसा है मौसम का मिजाज
भोपाल, मध्यप्रदेश। राजधानी में सर्द मौसम में भी गर्मी का अहसास हो रहा है। मौसम का मिजाज कुछ बदला-बदला हुआ है, दिन में उमस बनी हुई है और रात का पारा भी सामान्य से हाई है, इसलिए ठंडक महसूस नहीं हो रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि नवंबर के महीने में दिन में तापमान ज्यादा रहता है, लेकिन रात का पारा कम रहने से शाम के बाद ठंडक महसूस होती है। हालांकि इस महीने में कड़ाके की ठंड नहीं पड़ती है लेकिन सुबह और शाम बाद ठंड का अहसास होता है। इस बार लगातार आने वाले पश्चिमी विक्षोभ और हवा की दिशा बदलने से नवंबर की शुरूआत से ही मौसम ठंडा नहीं है। अभी केवल रात को घरों से बाहर या वाहन चलाते समय ही हल्की ठंडक है।
मौजूदा सिस्टम ने बदला है मौसम का मिजाज :
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. ममता यादव ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास बना हुआ है। इसके अतिरिक्त एक प्रेरित चक्रवात दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर बना हुआ है। इन दो मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवाओं का रुख बदल रहा है। साथ ही हवाओं के साथ नमी आ रही है। इन दो मौसम प्रणालियों के सक्रिय रहने से हवा का रुख बार-बार बदल रहा है। हवाओं के साथ नमी आने के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। साथ ही ऊंचाई के स्तर पर बादल छाने लगे हैं। यही वजह है कि राजधानी सहित पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।
पश्चिमी विक्षोभ के 10 नवंबर को उत्तर भारत से आगे बढ़ने के आसार हैं। 11 नवंबर से हवाओं का रुख उत्तरी होने से तापमान में गिरावट होने लगेगी, जो तीन-चार दिन तक जारी रहेगी। 15 नवंबर को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत की तरफ आने के आसार हैं। इसके प्रभाव से न्यूनतम तापमान में फिर बढ़ोतरी होने लगेगी।
दिन-रात का पारा सामान्य से ज्यादा, आद्रता बढ़ने से उमस ने सताया :
इसी क्रम में बुधवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री रिकार्ड किया गया है। जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। यह मंगलवार रात के तापमान के बराबर ही रहा। अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से डेढ़ डिग्री अधिक रहा था। हालांकि बादलों की आंशिक मौजूदगी के कारण यह मंगलवार दिन के तापमान के मुकाबले एक डिग्री कम रहा था। बुधवार को आद्रता भी थोड़ी बढ़ गई और 60 प्रतिशत के आसपास रही। धूप के साथ ही आद्रता बढ़ने से उमस का अहसास हुआ।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।