भाजपा ने निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए अपने कार्यकर्ताओं को दिए टिकट: सीएम
भोपाल, मध्यप्रदेश। आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बयान देते हुए भारतीय जनता पार्टी की और से घोषित महापौर प्रत्याशियों की प्रशंसा की और ट्वीट कर कहा कि, भारतीय जनता पार्टी सबसे अलग पार्टी है, पार्टी ने निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए अपने कार्यकर्ताओं को टिकट दिए।
सीएम शिवराज ने ट्वीट कर लिखा-
सीएम शिवराज ने ट्वीट कर लिखा हैं कि, विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा, सबसे अलग पार्टी ने स्थानीय निकाय के चुनाव में उम्मीदवार चयन के लिए कुछ गाइडलाइंस और मापदंड तय किये। मुझे गर्व और खुशी है कि निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को टिकट दिये।
कांग्रेस पर कसा तंज :
वहीं बयान देते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर भी तंज कसा है। सीएम शिवराज ने कहा कि, कांग्रेस के पास तो कार्यकर्ताओं का अभाव है। या तो कार्यकर्ता नहीं हैं या कार्यकर्ताओं की इज्जत ही नहीं है। कई स्थानों पर कांग्रेस ने विधायकों को ही चुनाव लड़ा दिये। यह भाजपा है,जिसने मापदंडों का पालन करते हुए अपने कार्यकर्ताओं को टिकट दिया।
आगे सीएम शिवराज ने कहा कि, सभी तरह के कार्यकर्ताओं का नाम टिकट की सूची में हैं। एक तरफ डॉ. जितेंद्र जामदार जी, प्रतिष्ठित चिकित्सक, प्रसिद्ध समाजसेवी हैं, तो दूसरी तरफ बहन मालती राय जी, बहन सुमन शर्मा जैसी हमारी जमीन से जुड़ी वर्षों से कार्य कर रही कार्यकर्ता बहनें भी हैं। इस सूची में योगेश ताम्रकार और बहन माधुरी पटेल जी जैसी व्यवसायी भी सम्मिलित हैं, तो पुष्यमित्र भार्गव जी जैसे श्रेष्ठ अधिवक्ता भी हैं, जिन्होंने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया।
प्रह्लाद पटेल जी जैसे युवा, जागृत किसान भी इस सूची में हैं, तो बहन मीना जाटव जी हमारी आंगनवाड़ी की कार्यकर्ता रही हैं। समाजसेवी संगीता तिवारी जी और श्री प्रबोध व्यास जी, सामान्य कार्यकर्ता से संगठन के दायित्वों का निर्वाह करते हुए महापौर के प्रत्याशी पद तक पहुंचे हैं।
चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा जी समर्पित कार्यकर्ता हैं और बहन ज्योति दीक्षित जी शिक्षिका एवं समाजसेवी हैं। श्री अनंत धुर्वे जी, प्रशासनिक अधिकारी थे और बहन अमृता यादव जी उच्च शिक्षित एवं समर्पित कार्यकर्ता हैं।
मुकेश टेटवाल और गीता अग्रवाल जी, वर्षों से पार्टी के काम में दिन-रात जुटे हुए हैं। यह केवल संगठन के काम नहीं, समाजसेवा के काम में भी जुटे रहे हैं। एक समर्पित कार्यकर्ताओं की सुगठित टीम है, जो नगर निगमों के विकास का नया इतिहास रचेंगे।
आधुनिक शहर पुरातन की नींव पर, शहरों के जीवन-मूल्य परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए विकास और जनकल्याण का एक नया इतिहास हमारे प्रत्याशी रचेंगे। मैं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा व पूरी चयन समिति को बधाई देता हूं। पूरी टीम ने मिलकर बेहतर कार्यकर्ताओं का चयन किया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।