पूर्व CM कैलाश जोशी का निधन
पूर्व CM कैलाश जोशी का निधनSocial Media

मध्य प्रदेश के पहले गैर कांग्रेसी और पूर्व CM 'कैलाश जोशी' का निधन

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी का आज यहाँ एक निजी अस्पताल में निधन हो गया है।

राज एक्सप्रेस। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी का आज यहाँ एक निजी अस्पताल में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री जोशी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका उपचार भोपाल के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा था, जहाँ सुबह उनका निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे। श्री जोशी के निधन से प्रदेश भाजपा में शोक की लहर है। उनके निधन पर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ट्वीट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

जानें राजनीतिक सफर

  • सन 1955 में कैलाश जोशी हाटपीपल्या नगरपालिका के अध्यक्ष चुने गए।

  • सन 1962 से निरन्तर बागली क्षेत्र से विधान सभा के सदस्य रहे।

  • सन 1951 में भारतीय जनसंघ के सदस्य बने। आपातकाल के समय में भूमिगत रहे। सन 1975 को विधानसभा के द्वार पर गिरफ्तार हुए।

  • सन1977 को वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी मध्य प्रदेश के 9वें और प्रदेश के पहले गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री बने थे।

  • कैलाश जोशी मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रहे हैं। 2004 से 2014 तक वो भोपाल लोकसभा सीट से सांसद रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दु:ख जताया

सीएम कमलनाथ ने जताया दु:ख

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि मृदुभाषी, सरल, सहज व्यक्तित्व के धनी कैलाश जी का निधन राजनीति क्षेत्र की एक अपूरणीय क्षति है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें अपने चरणों में स्थान दे और परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।

जनसंपर्क मंत्री पी. सी. शर्मा ने जताया दु:ख

मध्यप्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पी. सी. शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। श्री शर्मा ने आज यहाँ ट्वीट कर कहा कि, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भोपाल के पूर्व सांसद श्री जोशी के निधन की खबर दु:खद है। उन्होंने कहा है कि, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करें और उनके परिवार को यह दु:ख सहन करने की शक्ति दें।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने जताया दु:ख

भाजपा के उपाध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी के निधन पर कहा है कि, उनके निधन के साथ ही एक युग का अंत हो गया है। श्री चौहान ने आज अपने ट्वीट में श्री जोशी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि-मध्यप्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने वाले, निर्धन और कमजोर की आवाज़, विनम्र एवं मृदुभाषी राजनेता, पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के अवसान के साथ ही एक युग का अंत हो गया। उन्हें कोटि- कोटि प्रणाम, विनम्र श्रृद्धांजलि।

उन्होंने कहा कि, अपनी वाणी से लोगों का दिल जीत लेने वाले प्रखर वक्ता स्व. कैलाश जोशी के प्रशासकीय गुणों के सभी प्रशंसक थे। हम सब उनके सपनों के वैभवशाली और समर्थ मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश ने अपने एक अनमोल रत्न को खो दिया है। गरीबों, वंचितों के उत्थान और कल्याण के लिए अपना संपूर्ण जीवन होम कर देने वाले श्री जोशी जी हमेशा प्रदेश की जनता के दिलों में रहेंगे।

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया

छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के निधन पर राज्य में एक दिन का राजकीय शोक भी घोषित किया गया है।

राज्यपाल सुश्री उईके ने यहां जारी शोक संदेश में श्री जोशी को श्रृद्धाजंलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि, दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करे और शोक संतप्त परिजनों को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति दे। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने जारी शोक संदेश में श्री जोशी के निधन पर पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। उन्होंने स्व. श्री जोशी के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए, दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। जोशी के निधन पर छत्तीसगढ़ में एक दिन का राजकीय शोक भी घोषित किया गया है। राजकीय शोक में राज्य में कोई भी सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित नहीं की जाएंगी वहीं राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे।

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com