बुधनी महोत्सव अगले वर्ष से प्रारंभ किया जाएगा : शिवराज

सीहोर, मध्य प्रदेश : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अगले वर्ष से बुधनी महोत्सव प्रारंभ किया जायेगा, जो नर्मदा जयंती के अवसर पर आयोजित होगा।
बुधनी महोत्सव अगले वर्ष से प्रारंभ किया जाएगा : शिवराज
बुधनी महोत्सव अगले वर्ष से प्रारंभ किया जाएगा : शिवराजSocial Media

सीहोर, मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अगले वर्ष से बुधनी महोत्सव प्रारंभ किया जायेगा, जो नर्मदा जयंती के अवसर पर आयोजित होगा। श्री चौहान रात्रि में सीहोर जिले के बुधनी पहुँचे। उन्होंने नर्मदा जयंती के अवसर पर माँ नर्मदा का पूजन किया और सभी की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधनी को मिनी स्मार्ट सिटी बनाने के लिये मास्टर प्लान तैयार कराया जा रहा है। बुधनी में लगभग 15 करोड़ की लागत से सुपर स्पेशलिटी शासकीय चिकित्सालय का निर्माण कराया जायेगा। हर घर में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने बताया कि बुधनी घाट पर स्वागत द्वार बनायेंगे और फ्लाई ओवर का सौंदर्यीकरण भी किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही नया थाना भवन और तहसील स्टॉफ क्वार्टर भी बनाये जायेंगे। खेल मैदान में लाईट व्यवस्था की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय महाविद्यालय का नाम स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने नागरिकों का आह्वान किया कि वे रोज एक पेड़ लगाने का संकल्प लें और उसकी सुरक्षा भी करें।

उन्होंने बताया कि नर्मदा जयंती के अवसर पर उन्होंने भी प्रतिदिन एक पेड़ लगाने का क्रम शुरू किया है। श्री चौहान ने बताया कि प्रदेश में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिये अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। गरीब परिवार के बच्चों को 12वीं परीक्षा में मेधावी छात्रों को लैपटाप दिये जायेंगे। इसके साथ ही उच्च शिक्षा के लिये भी बच्चों को प्रोत्साहित किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने बुधनी में कराये जाने वाले कार्यों का एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश कलेक्टर को दिये। उन्होंने कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट को पूर्ण करने के साथ बुधनी में विकास कार्यों को गंभीरता से पूरा किया जाये। कार्यक्रम में विदिशा सांसद रमाकांत भार्गव, सुहागपुर विधायक विजय पाल, संभागायुक्त कवीन्द्र कियावत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com