मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया में पंकज को तीन स्वर्ण पदक जीतने पर दी बधाई
भोपाल, मध्यप्रदेश। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के खिलाड़ी पंकज गारगामा को खेलो इंडिया यूथ गेम्स (Khelo India Youth Game) में मलखंब में तीन स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सीएम शिवराज ने ट्वीट कर लिखा- हरियाणा के पंचकुला में खेले जा रहे खेलों इण्डिया यूथ गेम्स में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन कर ओवरऑल ट्राफी अपने नाम कर ली है।
बिना त्याग और तपस्या के बड़ी उपलब्धि नहीं मिलती : CM
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि, बिना त्याग और तपस्या के बड़ी उपलब्धि नहीं मिलती। शरीर को फिट और लचीला रखने में खिलाड़ियों को सफलता दिलवाता है। उज्जैन जिले के एक कृषक परिवार के सदस्य इस प्रतिभा सम्पन्न खिलाड़ी ने छोटी सी उम्र से ही नियमित रूप से व्यायाम शाला जाने का नियम बनाया। प्रतियोगिता के पहले पंकज ने तीन साल तक नमक का सेवन भी नहीं किया। खेलो इंडिया में पंकज ने पांच में से तीन स्वर्ण पदक जीत लिए। पंकज मलखंभ के खिलाड़ियों के लिए प्रेरक हैं।
राज्य खेल मलखंब के खिलाड़ियों को मिला है भरपूर प्रोत्साहन
प्रदेश में मलखंब को करीब दस वर्ष पहले राज्य खेल घोषित करने की पहल हुई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने उज्जैन में मलखंब के फीडर सेंटर स्थापित करने का कार्य किया। इसके परिणाम स्वरूप खिलाड़ियों को प्रोत्साहन प्राप्त हुआ। यही वजह है कि, हरियाणा के पंचकुला में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्यप्रदेश ने ओवर ऑल ट्राफी अपने नाम की है।
बता दें, इस वर्ष खेलो इंडिया गेम्स में देशज खेलों के साथ पहली बार मलखभं को भी जोड़ा गया है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने वर्ष 2005 में पारंपरिक खेल मलखंब को राज्य खेल घोषित करने पर मुख्यमंत्री शिवराज का आभार व्यक्त किया है। मंत्री सिंधिया ने सभी खिलाड़ियों को ओवरऑल चैम्पियन बनने की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हमारे खिलाड़ी देशज खेल में 12 पदक हासिल कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
मध्यप्रदेश को कुल मिले इतने पदक
मध्यप्रदेश को कुल 12 पदक मिले जिनमें 5 स्वर्ण, 5 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। पंकज के साथ ही प्रदेश के खिलाड़ियों सिद्धि गुप्ता, प्रणव कोरी, इंद्रजीत नागर, हर्षिता कनाड़कर ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। भारतीय खेलों को प्रोत्साहन देने में मध्यप्रदेश आगे है। इस स्पर्धा में पहली बार मलखंभ को जोड़ा गया है।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।