सीएम ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मंत्री सिलावट को दी सलाह
सांवेर, मध्यप्रदेश। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सांवेर विधानसभा क्षेत्र के निरंजनपुर में एक जन सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। यहां सीएम जनता के सामने नतमस्तक हुए। साथ ही अपने संबोधन के दौरान उन्होंने पूर्व कांग्रेस सरकार पर भी जमकर निशाना साधा है।
बता दें कि सीएम शिवराज सिंह चौहान सांवेर विधानसभा के निरंजनपुर गए थे। जहां वह जनता के सामने नतमस्तक हो गए। सीएम ने भाजपा के सत्ता में लौटने और उपचुनाव में भाजपा की जीत के लिए घुटने टेक कर और माथा झुका कर जनता का धन्यवाद किया। उपचुनाव में सांवेर सीट से इस बार भाजपा के टिकट पर जीते मंत्री तुलसी सिलावट भी जनता को सिर झुकाकर प्रणाम किया। सीएम बोले एक बार नहीं लाख बार जनता को घुटने टेककर प्रणाम करूंगा।
सीएम शिवराज ने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने मंच से ही मंत्री तुलसी सिलावट से कहा- कहां फंसे थे दुष्टों में। अब भाजपा के राज में जनता की सेवा कर लो।
मुख्यमंत्री ने जनसभा में हितग्राहियों को 10 -10 हजार का लोन बांटा। उसके बाद 23 करोड़ की लागत से तैयार पानी की आठ टंकियों का उद्घाटन किया। इससे 11 हजार 960 परिवारों तक पानी पहुंचेगा। यह टंकियां विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 5 में अलग-अलग इलाकों में हैं।
उन्होंने कहा कि माफिया मध्यप्रदेश छोड़ दें। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को हम नहीं छोड़ेंगे। सीएम ने कहा इंदौर पुलिस ने 70 करोड़ की ड्रग पकड़ी। इस काम के लिए इंदौर पुलिस बधाई की हकदार है। पुलिस का अभिनन्दन किया जाना चाहिए। इंदौर पुलिस ने जबरदस्त काम किया है। हम माफिया की आर्थिक कमर तोड़ देंगे। प्रदेश का हर तरह से विकास करेंगे। सरकारी स्कूल ऐसे बनाएंगे की प्राइवेट स्कूल भी पीछे छूट जाएंगे।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।