मंदिर में चल रहे यज्ञ की पूर्णाहुति में हुए शामिल
मंदिर में चल रहे यज्ञ की पूर्णाहुति में हुए शामिलSocial Media

देश के सबसे बड़े 37 टन पीतल से निर्मित महाघंटे का सीएम ने किया लोकार्पण

सीएम ने मंदिर में स्थापित देश के सबसे बड़े 37 टन पीतल धातु से निर्मित महाघंटे का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री लगातार तीन दिन से मंदिर परिसर में चल रहे यज्ञ की पूर्णाहुति में भी शामिल हुए।

भोपाल, मध्यप्रदेश। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पशुपतिनाथ मंदिर प्रांगण में सहस्त्र शिवलिंग महादेव की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा पूजा-अर्चना के साथ की। इसका निर्माण लगभग चार करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से किया गया है। इसी दौरान मंदिर में स्थापित देश के सबसे बड़े 37 टन पीतल धातु से निर्मित महाघंटे का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री लगातार तीन दिन से मंदिर परिसर में चल रहे यज्ञ की पूर्णाहुति में भी शामिल हुए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति सचमुच में अद्भुत है। भारतीय धरा पर बच्चों को बचपन से ही धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो और विश्व का कल्याण हो, का पाठ पढ़ाया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन को सार्थक बनाना है तो पशुपतिनाथ भगवान दर्शन के लिए मंदसौर जरूर आईये। मंदसौर में जन्म लेने वाले सभी लोग सौभाग्यशाली हैं। मुख्यमत्री ने मंदसौर वासियों का आह्वान किया कि वे शिवना नदी शुद्धिकरण में सहयोग का संकल्प लें। शासन और आम जनता शिवना के शुद्धिकरण का कार्य मिलकर करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष 8 दिसंबर को मंदसौर का गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस दिन मैं भी मंदसौर आऊंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत विद्यालय में पढ़ने वाले बटुकों को भी छात्रवृत्ति प्रदान करने निर्णय शासन ने लिया है। ऐसे मंदिर जिनके नाम जमीन नहीं है, उन मंदिर के पुजारियों को पांच हजार रुपए मानदेय दिया जाएगा। मंदिर की जमीन पुजारी नीलाम कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि महाशिवरात्रि पर पूरा मंदसौर शहर दीपों से जगमगाए। सभी लोग अपने घर, आंगन एवं संपूर्ण शहर का दीपों से शृंगार करने का संकल्प लें। कार्यक्रम को भानपुरा पीठ के शंकराचार्य श्री ज्ञानानंद जी तीर्थ ने भी संबोधित किया। शंकराचार्य एवं मुख्यमंत्री चौहान ने दशपुर प्राच्य शोध संस्थान मंदसौर द्वारा प्रकाशित अद्वितीय सहस्त्रलिंग पुस्तक का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने रूद्राक्ष का पौधा रोपा :

मुख्यमंत्री ने पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में रूद्राक्ष का पौधा रोपा सहस्त्रलिंग मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर अभिषेक भी किया। उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन कर मंदसौर जिला और प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं जन-कल्याण की कामना की। उल्लेखनीय है कि सहस्त्र शिवलिंग मंदिर का भूमि-पूजन वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री द्वारा ही किया गया था। मंदिर लगभग 04 वर्ष में बनकर तैयार हुआ है। शिवना नदी के तट पर निर्मित यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए यह एक नया तीर्थ होगा। सहस्त्र शिवलिंग महादेव की मूर्ति को विदेशी आक्रमणकारियों ने शिवना नदी में फेंक दिया था, जिसे लगभग 50 वर्ष पहले शिवना नदी के गहरीकरण के दौरान नदी से बाहर निकाला गया। मुख्यमंत्री ने रेवास देवड़ा रोड पर राजपूत समाज के रानी पद्मावती बाईसा छात्रावास का भूमि-पूजन भी किया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com