भोपाल : कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की पांच शिकायतें

भोपाल, मध्य प्रदेश : भाजपा प्रत्याशी मंत्रियों पर लगाया सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप।
कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की पांच शिकायतें
कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की पांच शिकायतेंSocial Media

भोपाल, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश में उप चुनावों को लेकर जहां एक ओर दोनों पार्टियां चुनाव प्रचार में अपनी ताकत झोंक रही हैं, वहीं कांग्रेस इस मामले में भाजपा प्रत्याशी और मंत्रियों के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंच गई है। उसने अनूपपुर से भाजपा प्रत्याशी बिसाहूलाल सिंह को पद से हटाए जाने के साथ ही सुरखी, ग्वालियर, डबरा और सांची में अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोला है। इस संबंध में कांग्रेस ने पांच पत्र रविवार को चुनाव आयोग को लिखे हैं। इसमें उन्होंने भाजपा और उनके उम्मीदवारों पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने के आरोप लगाए हैं।

अनूपपुर से भाजपा प्रत्याशी और मंत्री बिसाहूलाल सिंह को पद से हटाए जाने की मांग की है। इसमें कहा गया है कि बिसाहूलाल पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। शासकीय गेहूं के भंडारण की कालाबाजारी कर व्यापारियों को फायदा पहुंचा रहे हैं। कांग्रेस नेता जेपी धनोपिया ने यह शिकायत की है। इसके अलावा सुरखी में निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए नौ अधिकारियों को दूसरी जगह ट्रांसफर करने की बात कही गई है। इसमें कहा गया है कि डिप्टी कलेक्टर संतोष चंदेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पीएल पटेल, प्रभारी अधिकारी महिला और बाल विकास भारत सिंह राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक किसी उपज मंडी महेश सिंह राजपूत, एनआरएलएम ब्लॉक प्रबंधक अभिषेक ठाकुर, तहसीलदार राहतगढ़ रामनिवास चौधरी, प्रभारी प्राचार्य शासकीय हाईस्कूल अनिल मिश्रा, थाना प्रभारी जैसीनगर तोमर यहां भाजपा प्रत्याशी और मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के पक्ष में काम कर रहे हैं। इन्हें दूसरी जगह भेजा जाए।

तीसरी शिकायत मेंं ग्वालियर विकास प्राधिकरण के सीईओ एसएस गौर को हटाने की मांग की गई है। कहा है कि गौर पिछले 10 वर्षों से ग्वालियर-चंबल संभाग के अंचलों ग्वालियर, मुरैना और शिवपुरी में ही पदस्थ रहे हैं। इनके द्वारा हाल ही में भू-माफियाओं से चुनाव के नाम पर बड़ी राशि एकत्र कर भाजपा प्रत्याशियों को चुनाव फंड के नाम पर पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। चौथी शिकायत में सांची विधानसभा क्षेत्र के जिला रायसेन के निरीक्षक नापतौल विभाग को हटाए जाने की मांग की है। इसमें कहा गया है की डॉ. प्रभु राम चौधरी ने जेके भावसागर निरीक्षक नापतौल विभाग होशंगाबाद को अपने क्षेत्र सांची जिला में स्थानांतरण कराया है। इसके आदेश आचार संहिता जारी होने के पूर्व की पुरानी तारीख में जारी कराया गया है। जिसकी शिकायत पूर्व में चुनाव को की जा चुकी है। जिसका सत्यापन एवं पूर्ति निरीक्षक नापतौल विभाग के रिलीव होने एवं ज्वाइन करने की तारीख की जा सकती है। रायसेन में पदस्थ राजीव सचदेवा निरीक्षक दतिया के स्थानातंरण के आदेश भी तत्काल रद्द किए जाएं। पांचवी शिकायत में कहा गया है कि राजीव सिंह पिछले जुलाई 2017 से अपने पद पर हैं, जिनका तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका। लेकिन महिला बाल विकास मंत्री इमरती देवी के संरक्षण में अभी भी ग्वालियर में पदस्थ हैं। विभाग में पदस्थ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में पोषण आहार प्रदान करने वाले समूहों को अपने पद से प्रभावित करते हुए अपने समूचे कार्य में भाजपा के पक्ष में खुलकर प्रचार कर रहा है। राजीव सिंह जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित किया जाए।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com