Indore : कांग्रेस विधायक ने सिंधिया पर साधा निशाना

इंदौर, मध्यप्रदेश : सिंह ने कहा जो महापुरुष अपने 17-18 विधायकों को लेकर भाजपा में गए हैं, वे हमारी पार्टी में थे, हम उनकी आदतों को जानते हैं। वे अपने आप को दूसरों पर थोपने में माहिर हैं।
विधायक लक्ष्मण सिंह चर्चा के दौरान
विधायक लक्ष्मण सिंह चर्चा के दौरानRavi Verma

इंदौर, मध्यप्रदेश। कांग्रेस के सीनियर नेता और विधायक लक्ष्मण सिंह ने चर्चा के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा। उन्होंने कहां हमारी पार्टी में जयवर्धन ही नहीं कई युवा नेता हैं। सिंह ने कहा जो महापुरुष अपने 17-18 विधायकों को लेकर भाजपा में गए हैं, वे हमारी पार्टी में थे, हम उनकी आदतों को जानते हैं। वे अपने आप को दूसरों पर थोपने में माहिर हैं। वे किसी को अपना बॉस नहीं मानते, वह खुद अपने आप को बॉस मानते हैं। भाजपा में यह नहीं चलता। वहां उनका संगठन काम करता है। संगठन में और ये जो दल बदल कर गए हैं, आने वाले समय में इनके बीच टकराव और बढ़ेगा। ये बातें कांग्रेस के सीनियर नेता और विधायक लक्ष्मण सिंह ने मंगलवार को कही।

दल-बदल को लेकर उन्होंने कहा :

शिवराज सरकार को लेकर कहा कि भाजपा ने सबसे बड़ी गलती कमलनाथ सरकार को गिराकर की है। सारे विधायकों को किस प्रकार से अपने पक्ष में किया यह सबको पता है। उप चुनाव के नतीजे भले ही भाजपा के पक्ष में आ गए हैं और वह कैसे आए हैं, आप से छुपा नहीं है।

कमलनाथ की लीडरशिप को लेकर उन्होंने कहा :

कमलनाथ ने कहा है कि मध्यप्रदेश में हैं और रहेंगे। उनकी वरीयता को देखते हुए हाईकमान उन्हें काम सौंपता है। उनकी ऊर्जा की मैं तारीफ करता हूं। इस उम्र में भी पार्टी को ऊर्जावान नेतृत्व मिला है। अध्यक्ष बदलाव की जरूरत अभी नहीं है और उनके नेतृत्व में कांग्रेस प्रदेश में सरकार बनाएगी। युवा, छात्र और महिलाओं की टीम बनाकर काम करना शुरू कर दिया है।इंदौर में अभी जो गोलियां चलीं, पॉलिसी चेंज होने पर इसमें भी कमी आएगी। यह मेरी अपनी राय है। ओपन पॉलिसी होने से रोजगार भी बढ़ेंगे।

खाद और बिजली को लेकर उन्होंने कहा :

बिजली संकट इसलिए है, क्योंकि बिजली आवश्यक है। उसे निजी क्षेत्र को पूरी तरीके से सौंप दिया है। महंगी बिजली खरीदने का अनुबंध कर रहे हैं। नुकसान पटाने के लिए जनता को बड़े-बड़े बिल दिए जा रहे हैं। कांग्रेस शासन में बिल कम हो गए थे। खाद की परेशानी पैदा की जाती है। पहले से प्लानिंग कर खाद को भेज दिया जाए तो परेशानी नहीं आएगी। उन्होंने कहाँ निगम का चुनाव बाद में आता है। पहले तीसरी लहर की चुनौती का सामना करना जरूरी है। दूसरी लहर में हम तैयार नहीं थे। ऑक्सीजन की कमी थी, अस्पतालों में बेड नहीं थे। किसी को आभास नहीं था कि यह लहर इतनी तेजी से आएगी। अभी इस बात का मुझे संतोष है कि तीसरी लहर की तैयारियां ठीक हो रही हैं। ऑक्सीजन प्लांट अस्पतालों में लगाए जा रहे हैं। सितंबर के आखिरी तक चुनाव की चर्चा नहीं करें। बड़ी चुनौती तीसरी लहर से बचना है। हमें कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है, नहीं तो तीसरी लहर भी घातक होगी।

ममता बनर्जी को लेकर उन्होंने कहा ममता हमारी पार्टी में सांसद रहीं। वे हिम्मत वाली महिला हैं। वे राष्ट्रीय स्तर की नेता हैं। कमलनाथ से भेंट को लेकर पूर्व सांसद ने कहा कि दो विचारधारा वाली पार्टी एक साथ आए तो आने वाले समय में अच्छा विकल्प रहेगा।

जम्मू कश्मीर को लेकर उन्होंने कहा अनुच्छेद 370 हटने को लेकर कहा कि धारा हट तो गई। अब वह लागू होगी नहीं, इसलिए उस पर बात करना व्यर्थ है। कश्मीरी पंडितों को वहां बसाना बहुत आवश्यक है, क्योंकि जम्मू कश्मीर के विकास में कश्मीरी पंडितों का बहुत बड़ा रोल रहा है। जिस प्रकार से उन्हें वहां से भगाया गया, उनकी संपत्ति छीन ली गई। उनके साथ क्या-क्या नहीं हुआ। उनके साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ। भाजपा का यह पुराना वादा भी है, वे इसे कैसे पूरा करते हैं वे करें। कश्मीरी पंडितों को उनका हक दिलाएं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com