वासनिक के पहुंचने से पहले मंच पर भिड़े कांग्रेसी, सामने आई गुटबाजी

बुरहानपुर, मध्यप्रदेश : यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगाए अरुण यादव मुर्दाबाद के नारे, यादव के ट्वीट पर किया विरोध।
वासनिक के पहुंचने से पहले मंच पर भिड़े कांग्रेसी, सामने आई गुटबाजी
वासनिक के पहुंचने से पहले मंच पर भिड़े कांग्रेसी, सामने आई गुटबाजीRaj Express

बुरहानपुर, मध्यप्रदेश। कई गुटों में बटी कांग्रेस और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने शनिवार को शहर पहुंचे प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव को कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। शहर में प्रवेश करते ही गोकुल मिडवे के पास यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष हर्षित ठाकुर के साथ खड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने उनका काफिला रोक कर अरुण यादव मुर्दाबाद के नारे लगाए। परवेज सलामत और यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश खत्री का आरोप था कि "कमलनाथ द्वारा ग्वालियर में बाबूलाल चौरसिया को कांग्रेस परिवार में शामिल करने के बाद यादव का ट्वीट सही नहीं था।" इसके अलावा बीते 17 साल से अजय रघुवंशी को पार्टी का जिलाध्यक्ष बनाए जाने के विरोध में भी यह नारेबाजी की गई। हर्षित ठाकुर के मुताबिक वे तो मुकुल वासनिक का स्वागत करने पहुंचे थे, लेकिन कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा।

इधर हुसैनी हॉल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में वासनिक के मंच पर पहुंचने से ठीक पहले भी प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मंचासीन दो कांग्रेस नेता आपस में भिड़ गए। कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के ग्रामीण जिलाध्यक्ष इदरीश खान ने जैसे ही मंच से अपनी बात शुरू की, वहीं बैठे गब्बू पहलवान ने विरोध शुरू कर दिया। दोनों के बीच काफी देर तक बहस चली। स्थिति मारपीट तक पहुंचती इससे पहले अन्य नेताओं ने बीचचाव कर मामले को शांत करा दिया। दरअसल इदरीश खान पार्टी में जमीनी कार्यकर्ताओं को महत्व नहीं मिलने और कुछ नेताओं के निष्क्रिय रहने के आरोप लगा रहे थे। इस दौरान मंच पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत, प्रदेश सचिव कुलदीप इंदौरा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मुजीब कुरैशी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय सिंह रघुवंशी आदि मौजूद थे। बाद में प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक, अरुण यादव, पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव आदि के पहुंचने पर कार्यक्रम शुरू किया गया।

मेयर पद के प्रत्याशी का चयन जिला समिति करेगी :

अपने संबोधन में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक ने स्पष्ट किया कि महापौर पद के प्रत्याशी चयन में सीधे तौर पर उनका अथवा प्रदेश कांग्रेस का कोई हस्तक्षेप नहीं होगा। इसके चयन का अधिकारी जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित जिला स्तरीय समिति करेगी। उन्होंने कहा कि यदि जिले से आम सहमति बनाकर एक नाम भेजा जाता है तो उसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। एक से ज्यादा नाम आने पर प्रदेश कमेटी निर्णय लेगी। जिलाध्यक्ष यदि सही निर्णय लेते हैं तो इसका क्रेडिट उन्हें दिया जाएगा, लेकिन यदि गलती हुई तो इसकी जिम्मेदारी भी उनकी होगी। वासनिक ने जिलाध्यक्ष से यह भी कहा है कि नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में युवा कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मंत्र देते हुए कहा कि भीड़ कभी संगठन नहीं होती। अनुशासित समर्पण से ही कामयाबी मिलती है। जिले में लगातार मिल रही हार के मायने हैं कि हमारे इरादों में कुछ कमी है।

ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह काम कर रही वेस्ट इंडिया कंपनी :

कार्यकर्ताओं के लिए इस दौरान करीब बीस मिनट का प्रशिक्षण भी रखा गया। जिसमें प्रोजेक्टर के जरिए देश को गुलाम बनाने वाली ईस्ट इंडिया कंपनी की तुलना वेस्ट इंडिया कंपनी से की गई। प्रशिक्षक मृणाल पंत ने बताया कि वेस्ट इंडिया कंपनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और उनके दो व्यापारी मित्र अडाणी और अंबानी शामिल हैं। मोदी सरकार आने के बाद गौतम अडाणी की रोजाना की आय 85 करोड़ रुपये हो गई है। जबकि इससे पहले तक वे रोजाना 60 करोड़ कमाते थे। इसी तरह अंबानी बंधु पहले रोजाना 210 करोड़ कमाते थे, अब 300 करोड़ कमा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के दामों के हिसाब से पेट्रोल करीब 45 रुपये लीटर होना चाहिए था, लेकिन सरकार द्वारा पेट्रोल पर 38 रुपये और डीजल पर 37 रुपये टैक्स वसूले जाने के कारण इनके दाम आसमान छू रहे हैं।

कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव पहुंचाएं :

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने की आवश्यकता है। कांग्रेस ही भारत और भारत ही कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि सामने बैठे कार्यकर्ताओं की वजह से ही हम जैसे नेताओं का वजूद है। कार्यकर्ता नहीं तो हमारा अस्तित्व भी नहीं रहेगा। रामनिवास रावत ने कहा कि लोकतंत्र के साथ ही इस सरकार के रहते हमारा अस्तित्व संकट में है। गणेश परिक्रमा वाले कार्यकर्ताओं को पद मिल जाते हैं, जिससे जमीनी कार्यकर्ताओं का हक मारा जाता है। पूर्व मंत्री सचिन यादव ने कहा कि यह 65 फीसद युवाओं वाला देश हैं। ऐसे में चुनावों में भी युवाओं को ज्यादा से ज्यादा मौका दिया जाना चाहिए। उन्हें तैयार करने की जिम्मेदारी भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को उठाना चाहिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय रघुवंशी ने आरोप लगाया कि भाजपा की शिवराज सरकार माफिया के नाम पर चुन-चुन कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है। इसके खिलाफ हम सबको संगठित होकर आवाज उठानी होगी। इसके अलावा महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सरिता भगत, ब्लॉक अध्यक्ष सोहन सैनी, इस्माइल अंसारी, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आदि ने भी सममेलन को संबोधित किया। इस दौरान ग्रामीण जिला अध्यक्ष किशोर महाजन, अमर यादव, रफिक गुलमोहम्मद, अजय उदासीन, डॉ. आरीफ बागवान, तसनीम मर्चेन्ट, हर्षराज देवड़ा, प्रितिसिंह राठौर, फहीम हाशमी, उबेद शेख सहित सैकड़ो कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com