Bhopal : कर्मचारियों को उम्मीद, परिषद वेतन बढ़ाएगी और समस्याएं सुलझाएगी
भोपाल, मध्यप्रदेश। अब तक नगर निगम चुनाव हुए न मतदान, इससे पहले ही निगम के कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं की फहरिस्त तैयार कर ली है। कर्मचारी नई नगर सरकार के सामने अपनी समस्याएं रखेंगे। कर्मचारी संगठनों के मुताबिक वर्तमान में निगम में करीब 7 से 8 हजार कर्मचारी दैनिक वेतन भोगी हैं। इनकी वेतन वृद्धि और नियमितिकरण को लेकर लंबे अर्से से मांग चल रही है। कर्मचारी संगठन अपने कर्मचारियों की समस्याओं के लिए एकजुट हो रहे हैं। उनके मुताबिक करीब 10 हजार परिवार चुनाव मतदान में भाग लेगा, इससे पहले ही दोनों दलों के महापौर प्रत्याशियों को भरोसा दिलाना होगा कि वह कर्मचारियों की समस्याएं सुनेंगे।
दरअसल नगर निगम के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को कलेक्टर दर से वेतन मिलता है। पहले इन्हें 25 दिवसीय कैटेगिरी में रखा गया था। कुछ समय पहले ही इन्हें 29 दिवसीय कर्मचारी बनाया गया है। हजारों की संख्या में ऐसे भी कर्मचारी हैं, जो 7 हजार रूपए महीना में नौकरी कर रहे हैं। लेकिन कर्मचारियों की वेतन वृद्धि हुई न इन्हें नियमित कर्मचारी बनाया गया। बताया जाता है कि सफाई व्यवस्था में ही करीब 6 हजार कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। जबकि दूसरे विभागों में भी बड़ी संख्या में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी हैं। इसी प्रकार विनियमित कर्मचारी भी हैं। पहले इन्हें 89 दिवसीय कैटेगिरी में रखा गया था। लेकिन न्यायालय के निर्णय के बाद कर्मचारियों को विनियमितिकरण का लाभ दे दिया गया। तब उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि नियमित भी किया जाएगा। लेकिन इस बात को ही सालों बीत गए।
एकजुट हो रहे संगठन, महापौर प्रत्याशियों से करेंगे मुलाकात :
नगर निगम कर्मचारी संगठन एकजुट होकर कांग्रेस और बीजेपी के महापौर प्रत्याशियों से मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताएंगे। इसके अलावा प्रत्याशियों से मांग की जाएगी कि जो भी महापौर चुनकर आएगा, उसे परिषद गठन के दौरान ही कर्मचारियों की समस्याओं पर ध्यान देना होगा।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।