कांग्रेस के लिए व्यक्ति नहीं भाजपा की विचारधारा चुनौती : दिग्विजय
कांग्रेस के लिए व्यक्ति नहीं भाजपा की विचारधारा चुनौती : दिग्विजयRaj Express

कांग्रेस के लिए व्यक्ति नहीं भाजपा की विचारधारा चुनौती : दिग्विजय सिंह

ग्वालियर, मध्यप्रदेश : भाजपा मुद्दों पर बात न कर हिन्दू-मुस्लिम की बात कर बांटने में लगी। अंचल के दतिया में बड़ी आमसभा कर चुनावी शंखनाद करेगी कांग्रेस।

ग्वालियर, मध्यप्रदेश। विधानसभा चुनाव अगले साल होना है, लेकिन कांग्रेस अभी से एक्टिव मोड पर आ गई है। इसके तहत शनिवार को ग्वालियर-चंबल संभाग के कांग्रेस विधायकों व पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें समन्वय बनाकर जनता के हित के लिए लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया गया। बैठक के बीच में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस के लिए कोई व्यक्ति नहीं बल्कि भाजपा की विचारधार चुनौती है। इस चुनौती को हम सब मिलकर जनता के सहारे परास्त करने का काम करेंगे। भाजपा जनहित के मुद्दों की बात न कर सिर्फ हिंदू-मुस्लिम की बात कर लोगों को बांटने का काम कर रही है। पत्रकारवार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत, पूर्व मंत्री व विधायक लाखन सिंह यादव, प्रदेश कोषाध्यक्ष अशोक सिंह और दलित नेता फूल सिंह बरैया मौजूद थे।

पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह ने बताया कि भाजपा सरकार के खिलाफ लड़ाई का शंखनाद दतिया में आमसभा से होगा जहां 100 से भी अधिक निर्दोष लोगों को फर्जी मामलों में फंसाया गया है और कांग्रेसजनों पर भी झूठे मुकदमे लादे गए हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार का अन्याय व अत्याचार अब नहीं सहा जाएगा, इसके लिए कांग्रेस अब पूरी ताकत के साथ तैयार है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 2023 के चुनावों को लेकर रणनीति तैयार करने कार्यकर्ताओं से संपर्क करने और हर जिले में पहुंचने के लिए कार्यक्रम बनाने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसके तहत ग्वालियर-चंबल की कमान उन्हें सौंपी है। इसी के तहत वह बैठक लेने आए हैं। अब जहां भी अत्याचार व अन्याय होगा वहां कांग्रेसी सबसे पहले पहुंचकर आमजन को साथ लेकर अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी। श्री सिंह ने बताया कि अब कांग्रेस के सभी विधायक पदयात्रा शुरू करेंगे और जनता की आवाज को बुलंद करने उनके बीच जाएंगे।

एक सवाल के जवाब में दिग्विजय सिंह ने कहा कि क्या भाजपा नेताओं ने कभी महंगाई पर बात की, जबकि रसोई गैस, पेट्रोल- डीजल के दाम किस तरह से बढ़ रहे हैं क्या इसका प्रभाव हर व्यक्ति पर नहीं पड़ रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा ज्वलंत मुददों से ध्यान भटका कर हिन्दू-मुसलमान की बात कर रही है जबकि कांग्रेस हर वर्ग जाति को साथ लेकर चलती है और बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान के तहत काम करने पर अडिग है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में शक्ल व धर्म देखकर मामले दर्ज किए जा रहे हैं। भाजपा द्वारा 1.75 लाख त्रिदेव की फौज होने का मुकाबला कांग्रेस कैसे करेगी इस सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि 2018 में कांग्रेस ने सरकार बनाई थी वह कैसे चली गई, इसके पीछे हम नहीं जा रहे। वहीं सिंधिया इस प्रकार से बिक जाएंगे हम नहीं जानते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा को हमने हराया था अब आगे भी हराएंगे। दिग्विजय सिंह ने बताया कि जब मैंने सत्ता छोड़ी थी उस समय 20 हजार करोड़ का कर्जा था और अब प्रदेश में साढ़े तीन लाख करोड़ का कर्जा हो गया है।

लाठी के दम पर चल रहे हैं ट्रेनिंग कैंप : डॉ. गोविंद सिंह

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने सिवनी जिले में गौ मांस को लेकर आदिवासियों की हत्या के मामले में बजरंग दल पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बजरंग दल के ट्रेनिंग कैंप लाठी के दम पर चल रहे हैं। गरीब तबके के लोगों को दबाने का काम किया जा रहा है। उसमें बजरंग दल, श्रीराम सेना और विहिप जैसे संगठन इस कार्य में लगे हुए हैं, ऐसे लोग जिन्होंने कांग्रेस की मदद की थी उन्हें डराने धमकाने का काम किया जा रहा है, कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करेगी। साथ ही शिवराज सरकार के एक धर्म विशेष को निशाना बनाकर बुलडोजर चलाने को भी गैरकानूनी बताया है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि मुझे नेता प्रतिपक्ष बने अभी सात दिन हुए हैं, लेकिन हम सभी ने संकल्प लिया है कि अन्याय, अत्याचार दमन के खिलाफ संघर्ष करेंगे। इस मौके पर दलित कांग्रेस नेता फूलसिंह बरैया ने फिर दोहराया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की 50 से अधिक सीटें आई तो वह राजभवन के सामने अपना मुंह काला करेंगे। बरैया ने मुख्यमंत्री का चेहरा दलित वर्ग से होने के सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री तो हमारे सर्वमान्य नेता कमलनाथ ही होंगे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com