सरकारी दावा-पहले चरण में जिले के 63 हजार किसानों का कर्ज माफ

छतरपुर, मध्यप्रदेश : भाजपा भले ही कांग्रेस सरकार पर प्रदेश में कर्ज माफी के तहत आरोप लगा रही है, सरकारी दावा है कि सरकार ने लगभग 50 फीसदी कर्जदार किसानों को कर्ज मुक्त किया।
सरकारी दावा- पहले चरण में जिले के 63 हजार किसानों का कर्ज माफ
सरकारी दावा- पहले चरण में जिले के 63 हजार किसानों का कर्ज माफSubodh Tripathi

राज एक्सप्रेस। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में भाजपा भले ही कांग्रेस सरकार पर प्रदेश में कर्ज माफी योजना में छलावा करने के आरोप लगा रही है लेकिन सरकारी दावे के मुताबिक कांग्रेस सरकार ने अपने 10 माह के कार्यकाल में लगभग 50 फीसदी कर्जदार किसानों को कर्ज मुक्त कर दिया है। जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत पहले चरण के अंतर्गत छतरपुर के 63651 किसानों का कर्ज माफ किया जा चुका है जबकि दूसरे चरण में जिले के 89809 किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। दूसरे चरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

अब तक 177 करोड़ रूपए हुए माफ :

जिला कृषि विभाग द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक जिले में कुल 153364 किसान दर्ज हैं। इन किसानों में से 58404 किसानों ने राष्ट्रीयकृत एवं क्षेत्रीय मध्यांचल ग्रामीण बैंकों से कर्ज ले रखा था तो वहीं 94960 किसानों ने सहकारी समितियों के माध्यम से कर्ज लिया था। कमलनाथ सरकार ने मार्च 2007 से 31 मार्च 2018 तक के सभी नियमित एवं कालातीत फसल ऋण अधिकतम दो लाख रूपए तक के माफ किए हैं।

किसानों की लौटायी जा रही है ऋण राशि :

इसके अलावा उन किसानों को ऋण राशि वापस लौटायी जा रही है जिन्होंने 31 मार्च 2018 के बाद 31 दिसम्बर 2018 के पूर्व अपना कर्ज चुका दिया था। जिले में इस तरह कुल कर्जदार 153364 किसानों में से 63651 किसानों का कर्ज पहले चरण में माफ किया गया है। इस तरह इन किसानों का लगभग 177 करोड़ रूपए कर्ज पहले चरण माफ किया जा चुका है। हालांकि इसमें से 472 किसान ऐसे हैं जो तकनीकी कारणों के चलते कर्ज माफी योजना से वंचित रह गए। इन किसानों का भी 90 लाख रूपए माफ होना शेष है। पहले चरण की कर्जमाफी योजना में राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्जदार किसानों की संख्या 17230 है जबकि सहकारी समितियों के माध्यम से कर्जदार किसानों की संख्या 46421 है।

दूसरे चरण में लगभग 50 फीसदी किसानों की होगी कर्ज माफी :

सरकार जनवरी के पहले दूसरे चरण की कर्जमाफी योजना को पूरा करना चाहती है इसके लिए जनपद पंचायतों के माध्यम से किसानों की जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जा रही है। दूसरे चरण में जिले के लगभग 90 हजार किसानों के कर्ज माफ होने हैं। सिर्फ 269 करोड़ रूपए तो उन किसानों का माफ होना है जिन्होंने सहकारी समितियों के माध्यम से कर्ज ले रखा था।

फैक्ट फाइल-

  • जिले में मौजूद कर्जदार किसान- 153364

  • कर्ज मुक्त हुए किसान- 63651

  • कुल माफ हुई राशि- 177 करोड़ लगभग

भाजपा के लोग प्रदेश को जिस वित्तीय संकट में छोड़कर गए थे, उसके बावजूद भी हमने अपने वचन के मुताबिक पहले चरण में 50 प्रतिशत से अधिक किसानों का कर्ज माफ कर दिया है। दूसरे चरण में जनवरी के पहले शेष किसानों की कर्जमाफी की जाएगी।

ब्रजेन्द्र सिंह राठौर, प्रभारी मंत्री, छतरपुर

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com