ईद और आखातीज को लेकर बाजार गुलजार, उल्लास छाया
ईद और आखातीज को लेकर बाजार गुलजार, उल्लास छायाRavi Verma - RE

Indore : ईद और आखातीज को लेकर बाजार गुलजार, उल्लास छाया

इंदौर, मध्यप्रदेश : रविवार को चांद का दीदार नहीं होने से समाजजन अब मंगलवार 3 मई को मनाएंगे ईद। इसी दिन अक्षय तृतीया पर होंगे सैकड़ों विवाह, मांगलिक कार्य।

इंदौर, मध्यप्रदेश। पाक माह रमजान का अंतिम दिन बचा है, इसे लेकर मुस्लिम इलाकों में वैसे ही चहल पहल है। रविवार को चांद का दीदार नहीं होने से समाजजन अब मंगलवार को ईद मनाएंगे। इसी दिन आखातीज (अक्षय तृतीया) होने से हिंदू समाज में भी कई आयोजन होंगे। ब्राह्मण समाज इस दिन भगवान परशुराम की जयंती पर भव्य शोभायात्रा निकालेगा, वहीं अबूझ मुहूर्त में होने वाले 1200 से ज्यादा शादियों का उल्लास छाया हुआ है। इसी वजह से बाजारों में दोनों वर्गों की खरीदारी से बाजार गुलजार हैं और उल्लास छाया हुआ है।

कोरोनाकाल के दो साल बाद अक्षय तृतीया पर महार, जायसवाल, दर्जी, कोरी सहित अन्य समाजों के सामूहिक विवाह होंगे। इसे लेकर शहर के मध्य क्षेत्र राजबाड़ा, मारोठिया बाजार, आड़ा बाजार, कपड़ा बाजार, बर्तन बाजार से लेकर रानीपुरा तक में खरीदारी का दबाव देखा जा रहा है। ईद को लेकर भी मुस्लिम इलाकों में खासी चहल-पहल बनी हुई है।

ज्योतिर्विदों के अनुसार सत्कर्मों व खरीदारी का अक्षय फल देने अबूझ मुहूर्त पर ग्रहों ने भी मंगलकारी बिसात बिछाई है। इस अवसर पर सोना-चांदी, भूमि-भवन की खरीदारी अक्षय फल प्रदान करेगी।

वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 3 मई मंगलवार सुबह 5:19 से 4 मई बुधवार को सुबह 7:32 बजे तक रहेगी। अक्षय तृतीया पर 3 मई को रोहिणी नक्षत्र दिवसपर्यंत रहने के अतिरिक्त शोभन योग शाम 4:16 बजे तक रहेगा।

चार ग्रह रहेंगे अनूकल स्थिति में :

अक्षय तृतीया की श्रेष्ठता में ग्रहों की अनुकूल स्थिति वृद्धि कर रही है। आखातीज पर चंद्रमा अपनी उच्च राशि वृषभ और शुक्र अपनी उच्च राशि मीन में रहेगा। इसके अतिरिक्त शनिदेव स्वराशि कुंभ और बृहस्पति भी स्वराशि मीन में होंगे। मंगलवार को रोहिणी नक्षत्र होने से मंगल रोहिणी योग भी बनेगा। इन शुभ संयोग में पुनीत कार्य करना अक्षय फल प्रदान करेगा।

ये होंगे आयोजन :

  • सोमवंशीय सकल पंच महार समाज केंद्रीय समिति के 25वें सामूहिक में 22 जोड़े गांधी हाल में परिणय सूत्र में बंधेंगे।

  • जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा द्वारा 21 जोड़ों का सामूहिक विवाह परदेशीपुरा स्थित सुगनीदेवी ग्राउंड पर किया जाएगा।

  • दामोदर दर्जी समाज के 42वें आदर्श सामूहिक विवाह में 21 जोड़े राम मंदिर पंचकुइया में परिणय सूत्र में बंधेंगे।

  • कोरी समाज सामूहिक विवाह समिति द्वारा नंदानगर शुक्ला सदन में 12 जोड़ों का विवाह किया जाएगा।

  • पाल क्षत्रिय धनगर समाज का 11 जोड़ों का सामूहिक विवाह जिंसी स्थित पाल समाज के मांगलिक भवन पर होगा।

  • ब्रह्मभट्ट क्षत्रिय समाज का अभा सामूहिक विवाह स मेलन जूनी इंदौर स्थित समाज की धर्मशाला परिसर में होगा।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com