Bhopal : पहले सावन सोमवार को इंद्रदेव ने किया महादेव का जलाभिषेक

बीते चार दिनों में हुई बारिश ने जुलाई के सूखे बीते 22 दिनों को कोटा पूरा कर दिया है। मौसम के मिजाज बदलने से उमस से राहत मिली है। वहीं भोपाल सहित प्रदेश के जलस्रोतों में पानी का स्तर भी बढ़ गया है।
पहले सावन सोमवार को इंद्रदेव ने किया महादेव का जलाभिषेक
पहले सावन सोमवार को इंद्रदेव ने किया महादेव का जलाभिषेकसांकेतिक चित्र

भोपाल, मध्यप्रदेश। इस सोमवार को सावन का पहला सोमवार था और देवों के देव महादेव का जलाभिषेक करने इंद्रदेव ने झड़ी लगा दी। वैसे भी मान्यता है कि सावन सोमवार को बारिश होती ही है और इस बार भी यह मान्यता सिद्ध हुई। राजधानी में गुरुवार शाम से लगातार रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश का कोटा सामान्य से ज्यादा हो चुका है। सोमवार की सुबह तक 438.9 मिमी बारिश चुकी है यह सामान्य से 6 मिमी अधिक है। प्रदेश में भी वर्षा का आंकड़ा सामान्य पर पहुंच चुका है। बीते चार दिनों में हुई बारिश ने जुलाई के सूखे बीते 22 दिनों को कोटा पूरा कर दिया है। मौसम के मिजाज बदलने से उमस से राहत मिली है। वहीं भोपाल सहित प्रदेश के जलस्रोतों में पानी का स्तर भी बढ़ गया है। राजधानी में रिमझिम फुहारों के साथ ही हवा चलने से मौसम सुहावना हो गया है। लोग महादेव पानी व अन्य स्थानों पर मौसम का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक जुलाई के शेष दिनों में भी मानसून की हलचल बनी रहेगी।

यह सिस्टम सक्रिय :

मौसम विज्ञानी पीके साहा के अनुसार वर्तमान में उत्तरी मप्र के मध्य भाग पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून ट्रफ इसी सिस्टम से होकर त्रिपुरा तक जा रहा है। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। पूर्व-पश्चिमी ट्रफ गुना के आसपास से होकर गुजर रहा है। इन वेदर सिस्टम का मिलाजुला असर होने के कारण पूरे प्रदेश में बरसात हो रही है। पूर्वी मप्र में सोमवार को बरसात की गतिविधियां कुछ कम हुई लेकिन राजधानी समेत पश्चिमी मप्र में अच्छी बारिश हो रही है।

बंगाल की खाड़ी में आज-कल में बनेगा लो प्रेशर एरिया :

मंगलवार की शाम या बुधवार की सुबह तक बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है। लगातार बनने वाले सिसटम के प्रभाव से वर्षा की गतिविधियां करीब 2 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है। साहा का कहना है कि राजधानी में मंगलवार शाम के बाद एकाद दिन इसमें कुछ कमी आ सकती है लेकिन बौछारें पडऩे का सिलसिला रूकेगा नहीं। मौसम विभाग ने भोपाल संभाग में हल्की से मध्यम वर्षा का अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के 13 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट किया है।

बादलों की ऊंचाई हुई काफी कम :

साहा ने बताया कि बादलों की ऊंचाई काफी कम हो गई। इस वजह ये बारिश का सिलसिला दिनभर ही जारी रहा। लो क्लाउड के कारण हवाई गतिविधियों में दिक्कत हुई। दृश्यता सुबह 10.30 बजे मात्र 800 मीटर रह गई। इस दौरान हवा की गति 30 किमी प्रतिघंटा हो गई। हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिमी रही। वातावरण में नमी की मात्रा 100 फीसदी रही।

लगातार वर्षा के बाद भी दिन का पारा अधिक :

सोमवार की सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटे में भोपाल(बैरागढ़) में 16.9 मिमी और भोपाल शहर में 12.7 मिमी बारिश हुई। उसके बाद भी रुक-रुक कर बौछारें पडऩे का सिलसिला जारी रहा। भोपाल में सुबह 8.30 से रात 8.30 बजे के दौरान 17.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बारिश होने के बाद भी राजधानी में अधिकम और न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी हुई। राजधानी में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com