आज थम जाएगा चुनाव प्रचार, झाबुआ में नेताओं का जमघट

झाबुआ उपचुनाव की वोटिंग 21 अक्टूबर,2019 (सोमवार) को, आज शाम 5 बजे से प्रचार का शोर थम जायेगा।
झाबुआ उपचुनाव 2019
झाबुआ उपचुनाव 2019Social Media

राज एक्सप्रेस। मध्यप्रदेश में झाबुआ विधानसभा (Jhabua Assembly) उपचुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। झाबुआ चुनाव प्रचार के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टी ने तेज कर दिया है। झाबुआ उपचुनाव की वोटिंग 21 अक्टूबर,2019 (सोमवार) को है। आज शाम 5 बजे से प्रचार का शोर थम जायेगा। प्रचार के आखरी दिन भाजपा और कांग्रेस के नेता अपनी ताकत दिखाएगें। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के लिए यह चुनाव जीतना बहुत जरूरी है इसलिए दोनों दल पूरी ताकत से लगे हुए हैं।

चुनाव में भाजपा की तरफ से पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान डेरा डाले हैं, वहीं कांग्रेस के तरफ से मंत्रियों -विधायक ने मोर्चा संभाल रखा है। झाबुआ में बीजेपी को टक्कर देने के लिए कई मंत्रियों ने डेरा डाला हुआ है, हालांकि असली कमान सीएम कमल नाथ ने अपने हाथ में ले रखी है, आज सीएम कमल नाथ यहाँ सभा को सम्बोधित करेंगे।

झाबुआ में 21 अक्टूबर को मतदान होगा

चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस जहां अपने दस माह के शासन के दौरान प्रदेश में किए गए जनहितैषी कार्यों को लेकर जनता के बीच पहुंची, वहीं भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस के विधानसभा चुनाव के पहले किए गए वादों को पूरा नहीं किए जाने के आरोप लगाते हुए मुद्दे उठाए। इसमें किसानों की ऋणमाफी का मुद्दा भी शामिल है। झाबुआ में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के वरिष्ठ आदिवासी नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया तथा भाजपा के युवा नेता भानु भूरिया के बीच है, हालाकि यहां से कुल पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री कमलनाथ और जनसंपर्क मंत्री पी सी शर्मा के अलावा मंत्री सर्वश्री सुरेन्द्र सिंह बघेल, जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह, बाला बच्चन, जीतू पटवारी, सुश्री विजयलक्ष्मी साधौ, कमलेश्वर पटेल, ओकार सिंह मरकाम, तुलसी सिलावट, सज्जन सिंह वर्मा और सचिन यादव ने भी इस क्षेत्र में प्रचार किया। वहीं भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा में विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव, वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय और अन्य नेताओं ने भी चुनाव प्रचार अभियान की कमान संभाली।

झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में 02 लाख 77 हजार 599 मतदाता मतदान कर सकेंगे, जिनमें एक लाख 39 हजार 330 पुरुष तथा एक लाख 36 हजार 266 महिला और तीन थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। उपचुनाव के लिए 21 अक्टूबर को मतदान होना है, जिसके लिए साढ़े तीन सौ से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी। झाबुआ में भाजपा विधायक जी एस डामोर के रतलाम-झाबुआ संसदीय सीट से भाजपा के ही टिकट पर सांसद चुने जाने के कारण विधायक पद से त्यागपत्र देने के कारण यहां पर उपचुनाव हो रहा है।

भाजपा-कांग्रेस ने प्रचार के दौरान की ये बातें :

भाजपा ने पूरे प्रचार में किसानों के मुद्दे को सबसे ज्यादा उठाया है पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने कहा- इस बार बहुत फसलें खरब हो गई, पहले फसले खराब होती थी तो मामा खुद खेत जाते था और रूपये भिजवाते थे। वही कांग्रेस ने कर्जा माफ़ी को लेकर की कई बातें।

कर्जमाफी को लेकर भाजपा फैला रही भ्रम: कमलनाथ

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आज कहा कि, भाजपा के नेता कर्जमाफी को लेकर लोगों के बीच झूठ बोलकर भ्रम फैलाने का काम रहे हैं। उन्हे इसके लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। श्री कमलनाथ ने यहां हवाई पट्टी पर सरपंच और तडवी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि झाबुआ में सारे किसानों का कर्जा माफ किया गया है। भाजपा उम्मीदवार भानु भूरिया के परिवार के आठ लोगों का भी कर्जा माफ हुआ है। अगर किसी का किसी कारण से कर्जा माफ होना बाकी रह भी गया होगा तो उसका भी कर्जा माफ कर दिया जायेगा।

लेकिन भाजपा कर्जमाफी को मुद्दा बनाकर लोगों के बीच लगातार भ्रम फैला रही है। मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि अब उपचुनाव के लिए बहुत कम समय बचा है, इसलिए वे कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया को जिताने के लिए कमर कस लें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि चुनाव के बाद भी वे झाबुआ आते रहेंगे। इस मौके पर कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया, जेवियर मेडा, मंत्रीगण पीसी शर्मा, बाला बच्चन, जीतू पटवारी, सुरेन्द्र सिंह बघेल, सचिन यादव, कमलेश्वर पटेल, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता उपस्थित थे। सीएम कमलनाथ इसके बाद राणापुर के लिये प्रस्थान कर गये, जहां वे एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

चुनाव प्रचार अब अंतिम दौर पर :

प्रचार के अंतिम दिन दोनों ही राजनैतिक पार्टी पूरी ताकत लगाने में लगी हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ झाबुआ के राणापुर में चुनावी सभा को सम्बोधित करेंगे। वही भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री चुनावी जनसभाएँ करेंगे। उनके आलावा केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह भी झाबुआ के राणापुर में अलग-अलग स्थान पर जन सभाएं करेंगे।

कुछ अलग अंदाज में हो रहा चुनाव प्रचार:

झाबुआ उपचुनाव प्रचार के लिए कुछ अंतिम घंटे बचे हैं। जहाँ चुनाव के लिए लोगो में रंग चढ़ा हुआ है वही भाजपा- कांग्रेस के नेताओ में भी चुनावी रंग चढ़ गया है। जीत के लिए नेतागण अलग-अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं, प्रचार में कोई जलेबी बना रहा तो कोई सुन रहा भजन, खटिया पर हो रहा है योग। आज कांतिलाल भूरिया के लिए वोट मांगने गए उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री ने एक मिठाई की दुकान में जलेबी तली और झाबुआ के लोगो का मुँह मीठा कराकर वोट मांगे, तो वही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आज अंतिम दिन प्रचार से पहले खटिया पर बैठ योगा किया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co