राज एक्सप्रेस। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमल नाथ ने जबलपुर में माँ नर्मदा गौ कुंभ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार बनते ही हमने आध्यात्म विभाग का गठन किया। जिसके जरिए हम प्रदेश के प्राचीन मंदिरों और भारतीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, हमने प्रदेश की जनता से वादा किया था कि, गौ वंश का संरक्षण करेंगे। पिछले 14 माह में मध्यप्रदेश के हर जिले में गौ शालाओं का निर्माण हो रहा है। हमारा प्रदेश पूरे देश में एक मात्र ऐसा प्रदेश है जहाँ इतनी बड़ी संख्या में शासकीय गौशालाएं बनाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया में हमारी पहचान और ताकत हमारी संस्कृति और आध्यात्मिक शक्ति के कारण है। यही वह आधार है जिसके कारण हम अनेकताओं के साथ एक झंडे के नीचे खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि, हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती है कि हम अपनी इस सांस्कृतिक मूल्यों सभ्यता और आध्यात्मिक शक्ति से युवा पीढ़ी को कैसे जोड़ें। साधु-संतों ने सदैव हमारे देश को दिशा दी है और मार्गदर्शन दिया है। मैं सभी साधु संत समाज से अपील करता हूँ कि, वे देश की भावी पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और उसकी महानता को अपनाने के लिए प्रेरित करें।
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा है कि, राम पथ वन गमन निर्माण योजना को सरकार पूरा करेगी। उन्होंने इस कार्य में साधु-संतों से सहयोग देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने भंवरताल उद्यान के समीप जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 12 करोड़ 50 लाख रूपये की लागत से बनाये गये, संस्कृति थियेटर का लोकार्पण कर शहर के कलाकारों और कला प्रेमियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ नर्मदा गौ-कुंभ के द्वारा उन्होंने अपेक्षा की है कि अगले साल होने वाला माँ नर्मदा गौ-कुंभ और अधिक विशाल होगा।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।