राज्यपाल लालजी टंडन समेत प्रदेशवासियों को नेतागण ने दिया संदेश
राज्यपाल लालजी टंडन समेत प्रदेशवासियों को नेतागण ने दिया संदेशSocial Media

राज्यपाल लालजी टंडन समेत प्रदेशवासियों को नेतागणों ने दिये संदेश

भोपाल : राज्यपाल लालजी टंडन के साथ ही प्रदेश के नेतागणों ने प्रदेशवासियों को नववर्ष शुभकामना सन्देश दिए, साथ ही प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

राज एक्सप्रेस। प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन समेत सभी पार्टियों के नेतागणों ने प्रदेशवासियों को दिए नववर्ष शुभकामना सन्देश, प्रदेश की खुशहाली एवं प्रगति की कामना की।

राज्यपाल लालजी टंडन ने दी शुभकामनाएं:

राज्यपाल लालजी टंडन ने प्रदेशवासियों को नव-वर्ष 2020 की हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दी हैं। राज्यपाल ने अपने शुभकामनासंदेश में कहा कि, नए वर्ष में सबके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उल्लास समाहित हो।

राज्यपाल ने कहा कि नए वर्ष में ऐसा सौहार्दपूर्ण और सद्भावमूलक सामाजिक वातावरण विकसित हो, जिससे राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति, सामाजिक समता और न्यायपरक विकास को पूरी शक्ति और गति मिल सके।

मुख्यमंत्री कमल नाथ ने दी शुभकामनाएं :

मुख्यमंत्री कमल नाथ ने नव-वर्ष पर लोगों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि , स्वास्थ्य और शांति की कामना की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 नए संकल्पों और प्रदेश के विकास के नए प्रतिमानों का साल होगा। उन्होने लोगों से कहा कि विकास की प्रक्रियाओं से जुड़ें और अपना योगदान देने के लिए हमेशा तैयार रहें। साम्प्रदायिक सद्भाव और शांत प्रदेश के रूप में मध्यप्रदेश की विशिष्ट पहचान है। इसी विरासत को और अधिक समृद्ध बनाएँ।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी शुभकामनाएं:

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों को नववर्ष 2020 की शुभकामनाऍ देते हुए कहा कि, इस अंतिम दिन हम आत्ममंथन करें कि इस साल क्या अच्छा किया? क्या बुरा किया? नए साल का स्वागत मैं इस संकल्प के साथ करूंगा कि जीवन के बचे हुए समय में और अच्छे से अच्छा कर्म कर सकूं। अच्छा कर्म मतलब केवल अपने लिए नहीं, अपनों के लिए; और अपने मतलब सभी प्रदेशवासी, सभी देशवासी, विशेषकर मेरे प्यारे भांजे और भांजियां, आप भी शुभ संकल्प के साथ नए साल का स्वागत करें।

मंत्री जयवर्द्धन सिंह ने दी शुभकामनाएं:

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्द्धन सिंह ने नागरिकों को नव-वर्ष 2020 की शुभकामनाएं दी हैं। सिंह ने कहा है कि सरकार शहरों के सर्वांगीण विकास के लिए कृत संकल्पित हैं। सिंह ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि शहर के हर घर में पाइप लाइन से पेयजल उपलब्ध करवाने का लक्ष्य है।

मंत्री प्रियव्रत सिंह ने दी शुभकामनाएं :

ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह ने प्रदेशवासियों को नूतन वर्ष- 2020 की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली उपभोक्ताओं को निरंतर सस्ती बिजली उपलब्ध करवाने के हर संभव प्रयास कर रही है। सिंह ने आग्रह किया है कि बिजली उपभोक्ता नये वर्ष में बिजलीशुभकामनाएं का दुरूपयोग रोकने और समय पर बिजली बिल का भुगतान करने का संकल्प लें।

मंत्री सुरेन्द्र सिंह बघेल ने दी शुभकामनाएं :

पर्यटन एवं नर्मदा घाटी विकास मंत्री सुरेन्द्र सिंह बघेल ने प्रदेशवासियों को नये साल 2020 की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। बघेल ने सभी के स्वस्थ और खुशहाल जीवन के लिये ईश्वर से प्रार्थना की है। मंत्री बघेल ने शुभकामना संदेश में कहा कि प्रदेश को पर्यटन के नक्शे पर महत्वपूर्ण स्थान दिलाने के लिये नव-वर्ष में अनेक महत्वपूर्ण नवाचार किये जायेंगे। साथ ही, नर्मदा घाटी विकास की योजनाओं को गति भी दी जायेगी।

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co