मध्य प्रदेश: भोपाल-क्राइम बुलेटिन

भोपाल। अशोका गार्डन थाना इलाके में कल रात युवक नशे की हालत में फुटपाथ पर गिर गया। मुँह में गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
Madhya Pradesh Bhopal Crime Bulletin
Madhya Pradesh Bhopal Crime BulletinSeyd Dabeer -RE

नशे में धुत युवक फुटपाथ पर गिरा, मुँह में गंभीर चोट आने से मौत

भोपाल। अशोका गार्डन थाना इलाके में कल रात युवक नशे की हालत में फुटपाथ पर गिर गया। मुह में गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रातीबढ़ में स्थित बिसनखेड़ी तालाब में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बॉडी करीब दस दिन पुरानी है। जिस कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर पड़ताल शुरू कर दी है।

अशोका गार्डन पुलिस के अनुसार अविनाश तिवारी पिता चतुर्भुज तिवारी (25) निवासी मकान नंबर 394 गली नंबर दो चांदबढ़ बजरिया किराना दुकान चलाता था। वह शराब पीने का आदी था। कल रात करीब साढ़े सात बजे शराब के नशे में धुत होकर पैदल घर जा रहा था। इसी बीच सुभाष कॉलोनी में लड़खड़ा कर फुटपाथ पर मुँह के बल गिरा और दोबारा उठ नहीं सका। लहूलुहान हालत में युवक को देखने के बाद स्थानीय लोगों ने 108 को सूचना दी। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने चेक करने के बाद में उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं रातीबढ़ स्थित बिसनखेड़ी तालाब में कल दोपहर को महिला की लाश मिली है। जिसकी उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है और लाश दिन पुरानी है। पुलिस मृतका की शिनाख्ती के प्रयास कर रही है। क्षेत्र की एक महिला बीते दस दिनों से लापता है। पुलिस को शंका थी की बॉडी उसी महिला की है। हालांकि कपड़ों के आधार पर मृतका के बेटे ने शव उसकी मां का होने से इनकार कर दिया है। पुलिस का कहना है कि लाश पूरी तरह से सड़ चुकी है। बॉडी का पीएम कराया जा रहा है।

लॉक डाउन मेें ठेकेदार से चोर बना युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा

भोपाल। लॉक डाउन में ठेकेदारी का काम छोड़कर चोर बने युवक को अशोका गार्डन पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी के कब्जे से 52 इंच की एलईडी, कीमती लैपटॉप, वूफर, होम थिएटर सहित बड़ी संख्या में सोने-चांदी के जेवरात पांच लाख की नकदी और एक कट्टा सहित दो जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं। बदमाश ने भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में पांच वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। शातिर नकबजन के खिलाफ इंदौर में पांच तथा सागर गड़ाकोटा में सात पुराने अपराध दर्ज हैं। विगत कई दिनों से वह भोपाल में रहकर ठेकेदारी करने लगा था।

जानकारी के अनुसार आरोपी गोलू विश्कर्मा इंदौर का निवासी है। वहां नकबजनी और चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। पूर्व में जेल से छूटने के बाद वह सागर में रहने लगा था। सागर में कई अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के बाद भोपाल आ गया था। यहां रहने के दौरान उसने लंबे समय तक कोई वारदात नहीं की। आरोपी निशातपुरा थाना इलाका स्थित रिंग गार्डन में रहता था ठेकेदारी का काम करने लगा था। गोलू हमेशा से ही महंगे शौक रखता है। लॉक डाउन में उसे आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा था।

जिस कारण उसने दोबारा जुर्म की दुनिया में कदम रखा। आरोपी पकड़ा न जा सके इसके लिए वह अपना कोई साथी नहीं रखता था। सबसे पहले उसने वारदात में इस्तमाल करने के लिए एक हार्नेट बाइक को पिछले दिनों अयोध्या नगर इलाके से चोरी किया। इसके बाद में कोहेफिजा इलाके में रहने वाले एक व्यापारी के घर से करीब 17 लाख रूपए का माल ताला तोड़कर चोरी किया। दस दिन पहले उसने अशोका गार्डन के इंडस्ट्रियल एरिया में एक लकड़ी कारोबारी के घर से करीब आठ लाख रूपए का माल उड़ा दिया। दोनों मामलों में पुलिस को आरोपी के सीसीटीवी फुटैज मिले थे। दोनों ही अपराधों में एक ही बाइक का इस्तेमाल किया गया था। फुटैज मुखबिरों को बांटे गए, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस टीम को मिलेगा 35 हजार का नकद इनाम

गोलू को पकड़ने में टीआई आलोक श्रीवास्तव, एसआई अनुप कुमार उईके, आरक्षक अमित व अन्य की एहम भूमिका रही है। आरोपी को रिंग गार्डन से सोमवार को दबोचा गया था। जिसके बाद में सोमवार रात डीआईजी इरशाद वली, एसपी साउथ सांई कृष्णा थौटा स्वयं थाना अशोका गार्डन पहुंचे। जहां डीआईजी ने पुलिस टीम को 25 हजार तथा एसपी ने दस हजार रूपए का नकद इनाम देने की बात पुलिस टीम से कही है। आरोपी की निशानदेही पर रात भर में करीब बीस लाख रूपए से अधिक का माल बरामद किया जा चुका है।

बुटीक की आड़ में महिलाएं खेल रही थीं जुआ,पुलिस ने किया गिरफ्तार

भोपाल। कोहेफिजा थाना इलाका स्थित जैन नगर में एक बुटीक की आड़ में जुआ चल रहा था। महिलाएं खरीददारी के बहाने एक-एक कर बुटीक में इकट्ठा हुईं और जुआ खेलने लगीं। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर उन्हें दबोचा। पुलिस से बचने के सीसीटीवी कैमरा लगाया गया था। पुलिस ने मौके से पांच महिलाओं व दो पुरूष को गिरफ्तार किया है।

कोहेफिजा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिल रही थी कि जैन नगर में बुटीक में संदिग्ध तरीके से महिलाएं एकत्रित होती हैं। महिलाएं खरीददारी करने के बहाने दोपहर में बुटीक  में आती हैं और शाम तक वहीं पर रुक जाती हैं। मुखबिर की सूचना पर कल पुलिस ने इस बुटीक पर छापेमारी की। यह बुटीक रश्मि निगम नाम की महिला चलाती है। पुलिस जब वहां पर पहुंची तो चैनल का गेट लगा हुआ था। साथ ही बाहर की ओर एक सीसीटीवी कैमरा भी लगा था।

इस कैमरे से बाहर की सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस ने गेट का ताला खुलवाया तो अंदर बुटीक के बाजू वाले कमरे में पांच महिलाएं व दो पुरूष मिले। इनकी पहचान रश्मि निगम, कविता मोटवानी, हेमा तेजवानी, जया रुबानी, माया भगवानी, नरेश भम्मानी तथा विजय जगवानी के रूप में की गई। मौके से पुलिस ने ताश के पत्ते व 15 हजार 300 रुपए बरामद किए हैं। दोनो पुरूष किराने का सामान सप्लाई करने का काम करते हैं। महिला लालघाटी, विजय नगर, चौकसे नगर व बैरागढ़ से आई थी। पुलिस को यह भ जानकारी मिली है पांच में से कुछ महिलाएं पहले भी जुआ खेलते हुए पकड़ाई जा चुकी हैं।

बाल निकेतन आश्रम से 12 फीट ऊंची दीवार फांदकर दो बच्चे फरार

भोपाल। हनुमानगंज इलाके में स्थित बाल निकतेन आश्रम में रहने वाले दो नाबालिग कल देर रात 12 फीट की दीवार कूदकर भाग गए। घटनाक्रम आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। हालांकि पुलिस को अभी तक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज नहीं मिल सके हैं। घटना के समय आश्रम में चौकीदार भी मौजूद था। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टीआई महेंद्र सिंह ठाकुर के मुताबिक बाल निकेतन ट्रस्ट में बेसहारा बच्चों को पढ़ाने के अलावा उन्हें रखा भी जाता है। बीती रात 11 और 16 नाबालिग आश्रम में बनी 12 फीट की दीवार फांदकर भाग गए थे। सुबह होने पर उनके गायब होने पता चला। आश्रम की कर्मचारी कीर्ती शर्मा ने पुलिस को शिकायती आवेदन दिया था। जिसके आधार पर पुलिस एफ आईआर दर्ज की है। हालांकि पुलिस को अभी तक बच्चों का कुछ सुराग हाथ नहीं लग पाया है। पूरे आश्रम में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। बताया जाता है कि घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।

आश्रम प्रबंधन ने पुलिस को अभी तक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज मुहैया नहीं कराए हैं। उसको देखने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा। दोनों नाबालिग आश्रम से क्यों भागे, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों की तलाश में विशेष टीम बनाई गई है, और जल्द ही उन्हें तलाश लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

शराब पिलाने के लिए युवक पर अड़ी डाली, पीटा

भोपाल। बागसेवनिया थाना इलाके में तीन बदमाशों ने एक युवक पर बीती रात शराब पिलाने के लिए अड़ीबाजी की। रकम नहीं देने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और फरार हो गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार संजय नगर अमराई परिसर में सौरभ घुमेरिया (26) रहता है। वहीं आरोपी नानू, भरत, बिट्टू यादव रहते हैं। तीनों ने बीती रात फरियादी को रास्तें में रोक लिया। शराब पीने के लिए पांच सौ रूपए देने की मांग की। रकम नहीं मिली तो बदमाशों ने उसके साथ में लात घूसों से मारपीट की और फरार हो गए। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

फांसी लगाकर महिला ने की खुदकुशी

भोपाल। गौतम नगर इलाके में एक महिला ने सोमवार सुबह फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुसाइड नोट नहीं मिलने से आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद में परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार प्रेम नगर नरियलखेड़ा निवासी वंदना चौरसिया (32) आयुष अस्पताल में दवा वितरण का काम देखती थी। उसका पति डीजे ऑपरेटर है। एक साल पहले उनकी शादी हुई थी। सुबह जब पति नहाने गया तो वंदना ने खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगा ली। परिजनों के बयान के बाद खुदकुशी के कारण की स्थिति साफ होगी। पुलिस का कहना है कि मृतका के मायके पक्ष के डिटेल बयानों के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विवाहिता को पीटने वाला मनचला गिरफ्त से दूर

भोपाल। गोविंदपुरा इलाके में एक विवाहिता के साथ छेडख़ानी और मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस 36 घंटे बाद भी नहीं दबोच सकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के संभावित ठिकानों पर सूचनाओं के आधार पर दबिश दी जा रही है। जल्द आरोपी को दबोच लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार 23 वर्षीय महिला गृहणी है। उसका पति निजी काम करता है। रविवार दोपहर वह घर के बाहर खड़ी थी, उसका पति मार्केट से सामान लेकर लौटने वाला था। उसी समय पास में ही रहने वाला अनिल भुजंग आया और महिला के साथ छेडख़ानी कर दी।

विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर दी। महिला ने शोर मचाया तो आरोपी भाग निकला। पति के आने के बाद पीडि़ता ने घटनाक्रम बताया, लेकिन वह शिकायत करने के लिए तैयार नहीं हुआ। तब महिला अपनी सास को लेकर गोविंदपुरा थाने पहुंची और एफ आईआर दर्ज कराई। पुलिस जब आरोपी को गिरफ्तार करने गई तो वह घर से भाग गया।

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co