मध्य प्रदेश : क्राइम बुलेटिन

कमला नगर थाना इलाके में रहने वाले मंत्रालय के एक बाबू ने मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उन्होंने यह कदम क्यों उठाया फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
Madhya Pradesh: Crime Bulletin
Madhya Pradesh: Crime BulletinSyed Dabeer -RE

विधानसभा के बाबू ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

भोपाल। कमला नगर थाना इलाके में रहने वाले मंत्रालय के एक बाबू ने मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उन्होंने यह कदम क्यों उठाया फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस को मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उन्हों ने स्वयं की मर्जी से जान देने तथा बच्चों से मां का ख्याल रखने की बात लिखी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी भेज दिया गया है। थाना प्रभारी विजय सिसोदिया के अनुसार रोशनलाल 49 वर्ष कमला नगर स्थित सरकारी आवास मकान नंबर आई 178 विधानसभा में बाबू थे।

परिवार में एक बेटा और बेटी है। कल सुबह परिजनों ने उनके शव को कमरे में पंखे पर बने फांसी के फंदे पर झूलता देखा था। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। स्पॉट पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए रवाना किया। कमरे की तलाशी में पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला था। जिसमें अपनी मर्जी से जान देने तथा बच्चों से मां का ख्याल रखने की बात लिखी थी। आत्महत्या क्यों कर रहे हैं इस बात की जानकारी सुसाइड नोट में नहीं थी। थाना प्रभारी कहना है कि नोट की हैंड राइटिंग जांच कराई जाएगी। मामले की पड़ताल कर खुदकुशी के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

मायके में रह रही महिला को पति और देवर ने किया अगवा

भोपाल। नजीराबाद इलाके में कल देर रात मायके में घर के बाहर सो रही महिला को उसके पति और देवर ने जबरदस्ती अगवा कर लिया। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर महिला को छुड़ाया और उसके पति को दबोच लिया। इसी बीच मौका पाकर उसका देवर भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने इस मामले में पति और देवर के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक नारायण बाई पति नारायण सिंह अहिरवार (45) ग्राम मेघरा में रहती है। करीब दो साल पहले महिला ने अपनी 19 वर्षीय बेटी राम बाई की शादी बलवीर अहिरवार से की थी। बाद में दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगे। इसके बाद महिला अपने मायके में आकर रहने लगी थी। गर्मी के चलते महिला अपने घर के बाहर सो रही थी। तभी महिला का पति बलवीर और उसका चचेरा देवर धर्मेंद्र अहिरवार बाइक से पहुंचे। चीख पुकार सुनकर परिजनों ने घटना की सूचना डायल 100 पर दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद महिला को आरोपियों के चंगुल से छुड़ा लिया। पुलिस ने मौके से पति को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन देवर भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने नारायण बाई की शिकायत पर उसके दामाद और भाई पर केस दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया जाता है कि इससे पहले भी आरोपी पति के साथ ससुराल आकर मारपीट कर चुका है, लेकिन परिजनों ने केस दर्ज नहीं कराया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

लॉक डाउन की चौकसी के बीच, चोरों का आतंक

भोपाल। राजधानी में लॉक डाउन के चलते हजारों जवानों की सड़कों पर तैनाती है। इसके बाद भी पुलिस चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने में लगातार नाकाम साबित हो रही है। बैरसिया थाना क्षेत्र में स्थित शासकीय स्कूल के दफ्तर में रखे टेबल, कुर्सी, अलमारी समेत पूरा सामान बटोकर ले गए। वहीं निशातपुरा में सूने घर का ताला तोड़कर हजारों का माल चोरी हो गया।

पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक ग्राम ढंगरोली शासकीय स्कूल है, जिसकी देखरेख धर्मेंद्र शर्मा करते हैं। लॉक डाउन के चलते स्कूल करीब एक महीने से बंद है। 24 अप्रैल को स्कूल में कर्मचारी आखरी बार पहुंचे थे। कल जब स्कूल के कर्मचारी धर्मेंद्र शर्मा पहुंचे तो देखा कि दफ्तर का ताला टूटा पड़ा है। अंदर जाकर देखा तो दफ्तर में रखी अलमारी, टीवी, कुर्सी, माइक मशीन और बर्तन एक लाख रूपए से अधिक का सामान गायब है। बाद में फरियादी धर्मेंद्र शर्मा ने थाने पहुंचकर पुलिस को आवेदन दिया।

पुलिस ने आवेदन की जांच पर अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज किया। पुलिस को शक है कि वारदात स्कूल से जुड़े लोगों ने अंजाम दिया है। उधर निशातपुरा पुलिस ने बताया कि बंशीलाल अहिरवार जयनगर कॉलोनी करोंद में रहते हैं। लॉक डाउन के चलते वह भोपाल से बाहर थे। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने उनके घर का ताला तोड़कर टीवी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। पुलिस ने चोरों पर मामला दर्ज कर लिया। दोनों ही मामलों में पुलिस का आरोपियों का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

लॉक डाउन 3 में रात के समय अधिक सख्त हुई पुलिस

भोपाल। लॉक डाउन 3 का आज तीसरा दिन है। जिसमें पुलिस पहले से अधिक सख्त नजर आ रही है। हालांकि सुबह सात से शाम सात बजे तक थोड़ी छूट दी जा रही है, जबकि शाम सात बजे के बाद अधिक सख्ती बरती जा रही है। अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष दस्ते स्थानीय पुलिस के साथ तैनात किए गए हैं। पुलिस एक वाहन पर दो सवारी घूमने वालों और शाम सात बजे के बाद बेवजह घूमते मिल रहे लोगों पर पहले से ज्यादा कार्रवाई कर रही है। इसी के साथ तंग गलियों में ड्रोन से निगरानी, पुलिस का पैदल मार्च जारी है।

इधर रास्ते को लेकर पुलिस और आमजनों में हुआ विवाद पुराने और नए शहर के सीमा पुलबोगदा पर रास्ते को लेकर पुलिस और लोगों में विवाद हो गया। पुलिस के आला अफसरों को जब विवाद की जानकारी पहुंची तो मौके पर भारी पुलिस बल भेजा गया। जहां पर पुलिस ने लोगों को समझाइश दी। जानकारी के अनुसार जहांगीराबाद में कोरोना संक्रमण के अधिक फैलने के कारण अब नए और पुराने शहर सीमाओं को बंद कर दिया गया। इस दौरान पुल बोगदा पर रास्ते को भी बंद कर दिया। जिस बाद में लोग जमा हो गए और रास्ता बंद करने का विरोध करने लगे। लोगों की समझाइश करने के बाद पुलिस तैनात कर एक एक व्यक्ति को निकलने की इजाजत मिली।

रातीबढ़ और कोलार शराब तस्करों का पसंदीदा स्थान

भोपाल। लॉकडाउन के दौरान कच्ची व देशी शराब का अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है। रातीबड़ व कोलार इलाकों में सबसे ज्यादा अवैध शराब बेची जा रही है। पुलिस रोजाना ही इन इलाकों कें आधा दर्जन से ज्यादा इलाकों में दबिश देकर लोगों को दबोच रही है इसके बाद भी इस कारोबार पर लगाम नहीं लग पा रही है।

कल पुलिस ने फिर कोलार व रातीबड़ थानाक्षेत्रों में कार्रवाई कर दर्जन भर से ज्यादा तस्करों को दबोचा है। रातीबड़ पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के बाद कल केकडिय़ा गांव से लोकेन्द्र व संतोष नाम के दो युवकों को दबोचा है। उनके पास से अवैध शराब की आधा दर्जन बोतलें बरामद की गईं। इसी थानाक्षेत्र के रसूलिया गांव से करतार व डोबरा तिराहा से विजय सिंह को पकड़ा गया उनके पास से भ देशी शराब बरामद की गई। दोनों अपने घर से ही शराब बेच रहे थे।

कोलार पुलिस ने बैरागढ़ चीचली पुलिया के पास से अजय पिता दीपक कुमार को 12 लीटर देशी शराब के साथ दबोचा है। इसी तरह मायसिटी गेट के सामने कजलीखेड़ा से उमेश धाकड़ को देशी भट्टे की 13 लीटर शराब के साथ पकड़ा गया। इस इलाके से दो दिन पहले भी एक युवक को अवैध शराब के साथ दबोचा गया था। कोलार पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई गोल जोड़ तिराहे के पास की। यहां से रामस्वरूप यादव को शराब बेचते हुए रंगे हाथों दबोचा गया। उसके पास से 13 लीटर देशी शराब बरामद की गई है।

विवाहिता ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

भोपाल। कोलार थाना इलाके में कल दोपहर को शोभा बाई पति मनफूल तोमर (35) निवासी ग्राम थुआखेड़ा सदर ने साड़ी का फंदा बनाकर पंखे पर झूलकर फांसी लगा ली। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसका पति से किसी बात को लेकर मनमुटाव हुआ था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं अयोध्या नगर में बिजली के खंबे पर चढ़कर काम कर रहा विद्युत कर्मी बीती एक मई को गिर गया था। उपचार के दौरान बीती रात उसकी अस्पताल में मौत हो गई। मृतक शरद कुमार अहिरवार पिता भुंज कुमार अहिरवार (35) कृष्णा नगर बजरिया का निवासी था। हादसा मिनाल रेसीडेंसी में हुआ था।

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com