इंदौर में कई कार्यकर्ताओं ने BJP कार्यालय पर किया प्रदर्शन, कैलाश विजयवर्गीय ने जताई नाराजगी
इंदौर, मध्यप्रदेश : नगर निकाय चुनाव को लेकर MP में राजनीतिक घमासान और विरोध का दौर जारी है। बता दें, कांग्रेस हो या बीजेपी, दोनों तरफ से विरोध के स्वर उठ रहे है। जहां टिकट वितरण के बाद प्रदेश में असंतुष्ट कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टियों का दामन थाम रहे है। वहीं टिकट नहीं मिलने से कई कार्यकर्ता और दावेदारों की नाराजी लगातार सामने आ रही है।
आज इंदौर में BJP ऑफिस में कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
इस बीच इंदौर में BJP ऑफिस में आज कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है, रविवार सुबह 10 बजे भाजपा ऑफिस पहुंचकर कई कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की। कार्यकर्ता द्वारा विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी करने पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि, नाराजगी का यह तरीका ठीक नहीं है।
बता दें, विधानसभा 5 के वार्ड 54 से उम्मीदवार महेश बंसवाल को टिकिट मिलने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता और रहवासियों ने बीजेपी कार्यालय पर प्रदर्शन और नारेबाजी की। वे यहां स्थानीय वार्डवासी को उम्मीदवार बनाए जाने की मांग कर रहे थे। इसे देख भाजपा महासिचव कैलाश विजयवर्गीय ने नाराजगी जताई है।
मैं 1983 में चुनाव लड़ा तो पार्टी ने खुद टिकिट दिया : विजयवर्गीय
भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि, मैं 1983 में चुनाव लड़ा तो पार्टी ने खुद टिकिट दिया, इस बार 85 वार्डों के लिए 900 पार्षद उम्मीदवारों के आवेदन आए हैं। जिन्हें टिकिट नहीं मिला है, उनमें से अधिकांश असंतुष्टों को मना लिया है। बाकी को भी मना लेंगे।
पार्षद प्रत्याशियों की घोषणा के बाद से भाजपा में मचा बवाल
बताते चलें कि, पार्षद प्रत्याशियों की घोषणा के बाद से भाजपा में बवाल मचा हुआ है। टिकट नहीं मिलने से कई कार्यकर्ता नाराज है और नेताओं के घर के बंगले के सामने जाकर प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को ही भोपाल में भाजपा कार्यालय में टिकट न मिलने से नाराज भाजपा कार्यकर्ता ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।