इंदौर : इंदौर में आज से बाजार 9 बजे बंद होंगे

इंदौर, मध्यप्रदेश : कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद गुरुवार रात को हुई क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में आए प्रस्तावों के बाद तय किया गया कि इंदौर के बाजार कल रात 9 बजे से बंद होंगे।
इंदौर में आज से बाजार 9 बजे बंद होंगे
इंदौर में आज से बाजार 9 बजे बंद होंगेRavi Verma

हाइलाइट्स :

  • सभी धार्मिक स्थल आगामी आदेश तक बंद

  • सार्वजनिक स्थानों पर होलिका दहन नहीं होगा, शब ए बारात भी नहीं

  • धुलेंडी के दिन लॉकडाउन नहीं, अनावश्यक आवाजाही पर रहेगी रोक

इंदौर, मध्यप्रदेश। कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद गुरुवार रात को हुई क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में आए प्रस्तावों के बाद तय किया गया कि इंदौर के बाजार कल रात 9 बजे से बंद होंगे। हालांकि भोपाल से आए आदेश में रात 8 बजे ही बाजार बंद करने के लिए कहा गया था, लेकिन जनप्रतिनिधियों ने बाजारों को 9 बजे तक खुला रखने की मांग की, जिसे सभी ने स्वीकार कर लिया है।

रेसिडेंसी कोठी पर लगभग करीब 1 घंटे तक चली बैठक में तय हुआ कि रविवार 28 मार्च की रात होने वाला होलिका दहन जो सार्वजनिक स्थानों पर किया जाता है, वह नहीं होगा। इस पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। इसी तरह मुस्लिम समाज का एक बड़ा पर्व शब ए बरात भी इसी दिन है, वह भी घरों में ही मनाया जाएगा। किसी को घर से निकलने की इजाजत नहीं रहेगी। सोमवार को धुलेंडी वाले दिन भी सख्ती बरती जाएगी और लोगों को लॉकडाउन की तरह ही कहीं भी आने-जाने नहीं दिया जाएगा। कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि लॉकडाउन की तरह ही सोमवार को भी प्रतिबंध लागू होंगे, लेकिन आवश्यक कार्यो के लिए जाने वाले लोगों को नहीं रोका जाएगा।

धर्मस्थल आगामी आदेश तक बंद :

क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में यह तय किया गया है कि शहर के सभी धार्मिक स्थल श्रद्धालुओं के लिए आगामी आदेश तक बंद किए रहेंगे। देखा जा रहा था कि धार्मिक स्थलों में लगातार लोगों को आवाजाही बनी हुई है। आगामी दिनों में कई धर्मों के त्यौहार भी है, जिसको देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

होटलों में बैठकर खाना प्रतिबंधित :

होटलों में बैठकर खाना खाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि सभी होटलों में बैठकर खाना प्रतिबंधित किया गया है। लेकिन टेक अवे के लिए होटल खुली रहेगी। लोग होटल से खाना घर ले जा सकेंगे। रात 9 बजे होटल का कीचन बंद हो जाएगा, लेकिन जिनके आर्डर है उन्हें देने के लिए होटल 10 बजे तक खुले रह सकेंगे। होस्टलों की मेस रात तक खुली रह सकेगी।

प्रतिष्ठान व होटल सिर्फ 24 घंटे ही सील होंगे :

नगर निगम व प्रशासन द्वारा कोविड-19 प्रोटोकाल का उल्लंघन करने पर दुकानें, ऑफिस, होटल, गार्डन सील करने की जो कार्रवाई का जा रही है। उसमें अभी तक सभी का अलग-अलग समय निर्धारित था, लेकिन क्राइसिस मैनेजमेंट ने यह तय किया है कि अब सिर्फ 24 घंटे ही कोई भी संस्थान सील कर सकेंगे और छोटी दुकानों पर 500 रुपए और बड़ी पर 1 हजार रुपए जुर्माना लगाया जाएगा।

ओपन में होने वाले खेल जारी रहेंगे :

क्राइसिस मैनेजमेंट ने फैसला लिया है कि छोटी जगह और बंद कमरों में होने वाले खेलों को बंद किया जाएगा। जिस भी क्लब या एकेडमी बंद कमरों में हो रही है तो उसे बंद किया जाएगा। वहीं खुले में होने वाले गेम्स, क्लब व गार्डन में वाकिंग की जा सकेगी।

बड़े धार्मिक स्थल द्वारा मुफ्त में बाटेंगे मास्क और सेनिटाइजर :

कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि शहर के बड़े धार्मिक स्थल खजराना गणेश मंदिर, रणजीत हनुमान मंदिर और बिजासन मंदिर ट्रस्ट द्वारा आगामी दिनों में शहर के विभिन्न चौराहों पर मुफ्त मास्क और सेनिटाइजर का वितरण किया जाएगा। साथ ही जिन लोगों पर मास्क नहीं लगाने के लिए फाइन किया जा रहा है, उन्हें अब फाइन लेने के साथ मास्क और सेनिटाइजर भी दिया जाएगा।

बैठक में मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, आकाश विजयवर्गीय, महेंद्र हार्डिया, मालिनी गौड़ और मधु वर्मा, मनोज पटेल, राजेश सोनकर, गौरव रणदिवे सहित कलेक्टर मनीष सिंह और डीआईजी मनीष कपूरिया शामिल हुए।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com