चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भारत टॉकीज आरओबी का किया निरीक्षण, दिए ये निर्देश
भोपाल, मध्यप्रदेश। एमपी के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को भारत टॉकीज आरओबी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री सारंग ने आरओबी के नीचे गोदाम में संचालित अवैध दुकानों के बंद न होने को लेकर पीडब्लूडी के सेतु विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई है।
मंत्री सारंग ने गोदाम को तत्काल बंद करवाने के दिये निर्देश
मंत्री श्री सारंग ने गोदाम को तत्काल बंद करवाने के निर्देश दिये है। मीडिया से संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि आरओबी के नीचे गोदाम में फर्नीचर और वेल्डिंग की अवैध दुकानों में तोड़फोड़ का कार्य होने से आरओबी की आयु पर विपरित असर होता है। इसको लेकर तत्काल गोदाम बंद करने के निर्देश दिये गये हैं।
बदले जायेंगे आरओबी के 144 बियरिंग, 25 वर्ष बढ़ जायेगी उम्र
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि 1973 में निर्मित भारत टॉकीज आरओबी पुराने और नये भोपाल को मेन स्टेशन से जोड़ने का महत्वपूर्ण सेतु है। आरओबी से प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। लगभग 49 साल पुराने ब्रिज के पीयर्स और स्लेब के बीच मौजूद बियरिंग खराब हो गये हैं। जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बन रही थी। इसीलिये आरओबी की मरम्मत के लिये योजना बनाई गई है।
ब्रिज की लंबाई 700 मीटर पर पूर्व में किया गया डामर 20 नवंबर तक पूरी तरह से हटाया जायेगा : सारंग
सारंग ने कहा कि, रेलवे ओवर ब्रिज की लंबाई 700 मीटर पर पूर्व में किया गया डामर 20 नवंबर तक पूरी तरह से हटाया जायेगा। जिसके बाद आरओबी के सभी 144 बियरिंग बदले जायेंगे। इस मरम्मत कार्य के पूर्ण होने से आरओबी की आयु लगभग 25 साल और बढ़ जायेगी। इस मरम्मत कार्य को पूर्ण होने में लगभग डेढ़ माह का समय लगेगा।
मरम्मत कार्य के दौरान बदली जायेगी ट्रैफिक व्यवस्था
मंत्री सारंग ने बताया कि आरओबी की बियरिंग बदलने की प्रकिया पुल के स्लैब को लिफ्ट करके संपादित की जायेगी। पुल के स्लैब को लिफ्ट करने एवं बियरिंग बदलने की प्रक्रिया प्रारंभ करने से पूर्व ट्रैफिक व्यवस्था में परिवर्तन किया जायेगा। जिसके लिये रेलवे एवं ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर परिवर्तित ट्रैफिक प्लान बनाया जायेगा। जिससे नागरिकों को आवागमन में असुविधा का सामना ना करना पड़े।
आरओबी के नीचे असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने के दिये निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री सारंग ने आरओबी के नीचे असामाजिक तत्वों की गतिविधि होने पर बजरिया थाना प्रभारी के समक्ष नाराजगी व्यक्त करते हुए असामाजिक तत्वों पर शीघ्र कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये। इस अवसर पर श्री एमपी सिंह अधीक्षक यांत्रिकी, लोक निर्माण विभाग (सेतु), जावेद शकील कार्यपालन यांत्रिकी, लोक निर्माण विभाग (सेतु), एमआईसी सदस्य आनंद अग्रवाल, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े
जानकारी के लिए बता दें, बीते दो महीने से भारत टॉकीज ब्रिज के उपरी रोड पर काम चल रहा है, पीडब्ल्यूडी यहां सड़क पर बिछे डामर को उखाड़ रहा है। ताकि ब्रिज का वजन कम किया जा सके। इसके बाद इस पर नए डामर की परत चढ़ाई जाएगी। ऐसे में खबर मिली है कि, यहां रोज रात में एक घंटा होता है काम, एक घंटे में जितना मटेरियल निकलता है, उसे साफ करने में पूरी रात हो जाती है। अगली सुबह से दिनभर यहां जाम लगा रहता है और उड़ती धूल के बीच वाहन चालक फंसे नजर आते हैं। नीचे दी गई लिंक पर क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।