MP उपचुनाव : खंडवा लोकसभा और 3 विधानसभा सीटों पर वोटिंग, कई जगहों पर खराब हुई ईवीएम

भोपाल, मध्यप्रदेश। एमपी उपचुनावों के लिए सुरक्षा इंतजामों के बीच मतदान आज सुबह सात बजे प्रारंभ हो गया, इस बीच कुछ जगहों पर ईवीएम खराब होने की खबर सामने आई हैं।
MP उपचुनाव 2021
MP उपचुनाव 2021Social Media

भोपाल, मध्यप्रदेश। एमपी में खंडवा लोकसभा और रैगांव, जोबट तथा पृथ्वीपुर विधानसभा उपचुनावों के लिए सुरक्षा इंतजामों के बीच मतदान आज सुबह सात बजे प्रारंभ हो गया। मिली जानकारी के अनुसार मतदान शाम को छह बजे तक चलेगा। इस बीच कुछ जगहों पर ईवीएम खराब होने की खबरें सामने आई हैं।

कुछ जगहों पर ईवीएम खराब :

बता दें कि, शनिवार काे मध्यप्रदेश में खंडवा लोकसभा चुनाव और विधानसभा सीट रैगांव, जोबट और पृथ्वीपुर में उपचुनाव की वोटिंग चल रही है वहीं, इस बीच खबर मिली हैं कि कुछ जगहों पर ईवीएम खराब हो गई हैं। विधानसभा के कट्ठीवाड़ा शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर बैटरी डिस्चार्ज होने के कारण ईवीएम बंद हो गई। इससे यहां करीब आधे घंटे तक मतदान थमा रहा, बाद में बैटरी चार्ज कर मतदान प्रारंभ कराया गया।

वहीं, बुरहानपुर में 4 जगह ईवीएम खराब हुईं। जिले के डोईफोड़िया गांव में बूथ पर ईवीएम नहीं चलने की वजह से वोटिंग डेढ़ घंटे की देरी से शुरू हो सकी। वहीं, शहर के इंदिरा कॉलोनी के बूथ पर ईवीएम नहीं चलने पर आधा घंटा देरी से वोटिंग शुरू हो सकी। ग्राम पातोंडा में बूथ पर ईवीएम नहीं चलने के कारण मतदान एक घंटे देरी से प्रारंभ हुआ मतदान। बुरहानपुर के रूईकर वार्ड मतदान केंद्र में ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी आई।

खंडवा संसदीय क्षेत्र में बनाए गए हैं कुल 2908 मतदान केन्द्र

बताते चलें कि, खंडवा संसदीय क्षेत्र में कुल 2908 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इसी तरह पृथ्वीपुर में 306, रैगांव में 313, और जोबट में 417 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। कुल 3944 मतदान केन्द्र हैं। इनमें 865 मतदान केन्द्र संवेदनशील है। वहीं, 874 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग तथा 361 मतदान केन्द्रों पर सीसीटीवी से निगरानी की जायेगी। कुल 10,027 ‘बैलेटिंग यूनिट’ हैं, जिसमें रिजर्व इकाइयां भी शामिल हैं। 5517 कंट्रोल यूनिट हैं और 5886 वीवीपैट यूनिट हैं। मतदान के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा। 02 नवंबर को मतगणना होगी।

भाजपा-कांग्रेस सहित कुल 16 प्रत्याशी चुनावी मैदान में:

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-कांग्रेस सहित कुल 16 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, इसी तरह रैगांव उपचुनाव में 2,07, 443 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। रैगांव में कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके अलावा जोबट विधानसभा उपचुनाव में 2,75,214 मतदाता हैं। यहां कुल 6 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। इसके अलावा पृथ्वीपुर में 1,98,542 कुल मतदाता हैं, जो अपने वोट डाल सकेंगे। पृथ्वीपुर में 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इस तरह चारों क्षेत्रों में कुल 48 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

निर्वाचन क्षेत्रों में राज्य के बाहर की विशेष सशस्त्र बल की 50 कम्पनियां और एमपी एसएएफ की 8 कम्पनियां तैनात की गई हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिये निर्वाचन केन्द्रों एवं निर्वाचन क्षेत्रों में 914 डीएसपी, नगर निरीक्षक, उप निरीक्षक और सहायक निरीक्षक, 6992 प्रधान आरक्षक-आरक्षक, 3123 होमगार्ड और 3945 विशेष पुलिस अधिकारी तैनात किये गये हैं। इसके अलावा 42 अंतर्राज्यीय नाके, 37 अंतर-जिला नाके, 55 फ्लाईंग स्कवाड और 64 स्टेटिक्स सर्विलांस टीमें तैनात की गयीं हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com