मध्यप्रदेश में चार उपचुनावों के लिए मतदान संपन्न
मध्यप्रदेश में चार उपचुनावों के लिए मतदान संपन्नSyed Dabeer Hussain - RE

मध्यप्रदेश में चार उपचुनावों के लिए मतदान संपन्न, 66.08 फीसदी मतदान

भोपाल, मध्यप्रदेश : कुल 26 लाख 50 हजार से अधिक मतदाताओं में से औसतन 66.08 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट के जरिए 48 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद कर दी।

भोपाल, मध्यप्रदेश। प्रदेश में खंडवा लोकसभा और रैगांव, जोबट तथा पृथ्वीपुर विधानसभा उपचुनावों के लिए आज मतदान इक्का-दुक्का घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया और कुल 26 लाख 50 हजार से अधिक मतदाताओं में से औसतन 66.08 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट के जरिए 48 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद कर दी।

यहां पहुंची सूचनाओं के अनुसार मतदान शाम छह बजे समाप्त हो गया और औसतन 66.08 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले हैं। खंडवा लोकसभा के लिए वर्ष 2019 में हुए आम चुनाव के 76.90 मुकाबले इस उपचुनाव में 63.88 प्रतिशत मतदान हुआ, जो आम चुनाव की तुलना में कम है। पृथ्वीपुर में मतदान सबसे अधिक 78.14 प्रतिशत है, जबकि वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में यहां 79.61 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसी तरह रैगांव 69.01 प्रतिशत मतदान हुआ, जो वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले कम है। वहीं जोबट में मतदाताओं ने काफी उत्साह दिखाया है। वहां 53.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। यह वर्ष 2018 के चुनाव से अधिक हैं।

सख्त सुरक्षा प्रबंधों और कोरोना संबंधी गाइडलाइन के बीच मतदान 3944 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे शुरू हुआ था। पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत बढ़ने की खबरों के बीच सत्तारूढ़ दल भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने एक दूसरे पर मतदान को प्रभावित करने के आरोप प्रत्यारोप लगाए हैं। दोनों दलों के नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाताओं को डराने धमकाने के प्रयास किए गए। बहरहाल एक तरह से मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया और अब 48 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गयी, जो 02 नवंबर को मतगणना के बाद खुलेगी।

क्षेत्रवाद नजर दौड़ायी जाए तो खंडवा संसदीय क्षेत्र में कुल 2908 मतदान केन्द्रों में मतदान हुआ। इसके अलावा पृथ्वीपुर में 306, रैगांव (अजा) में 313 और जोबट (अजजा) में 417 मतदान केन्द्रों मत नागरिकों ने वोट डाले। कुल 3944 मतदान केंद्रों में से 865 मतदान केन्द्र संवेदनशील के रूप में चिंतित किए गए थे। वहीं 874 मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग तथा 361 मतदान केन्द्रों पर सीसीटीवी से निगरानी की गयी।

खंडवा संसदीय क्षेत्र में कुल 19,68,805 मतदाता हैं। यहां भाजपा-कांग्रेस सहित कुल 16 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इसी तरह रैगांव उपचुनाव में 2,07, 443 मतदाता हैं। रैगांव में कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके अलावा जोबट विधानसभा उपचुनाव में 2,75,214 मतदाता दर्ज हैं और यहां कुल 6 प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हैं। बुंदेलखंड अंचल के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में 1,98,542 कुल मतदाता हैं। पृथ्वीपुर में 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इस तरह चारों क्षेत्रों में कुल 48 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

खंडवा संसदीय क्षेत्र में मुख्य मुकाबला भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटिल और कांग्रेस के राजनारायण सिंह पुरनी के बीच है। अलीराजपुर जिले की जोबट (अजजा) सीट पर भाजपा की पूर्व मंत्री सुलोचना रावत और कांग्रेस के महेश पटेल की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। सतना जिले की रैगांव (अजा) सीट पर श्रीमती प्रतिमा बागरी (भाजपा) का मुख्य मुकाबला कांग्रेस की श्रीमती कल्पना वर्मा से है। इसके अलावा पृथ्वीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी शिशुपाल सिंह के मुकाबले में कांग्रेस के नितेंद्र सिंह राठौर हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार सिंह चौहान के निधन की वजह से खंडवा में उपचुनाव हो रहे हैं। इसी तरह जोबट में कांग्रेस नेता कलावती भूरिया, रैगांव में भाजपा के जुगलकिशोर बागरी और पृथ्वीपुर में कांग्रेस के पूर्व मंत्री बृजेन्द्र सिंह राठौर के निधन के कारण यह उपचुनाव हो रहे हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com