Nagar Nikay Chunav : प्रदेश में दो चरणों में होंगे नगरीय निकाय चुनाव

भोपाल, मध्यप्रदेश : प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। प्रदेश में 407 में से 347 नगरीय निकायों में चुनाव होंगे। इस बार का चुनाव कुछ अलग भी रहेगा।
प्रदेश में दो चरणों में होंगे नगरीय निकाय चुनाव
प्रदेश में दो चरणों में होंगे नगरीय निकाय चुनावPankaj Baraiya - RE

हाइलाइट्स :

  • 347 नगरीय निकायों में होंगे चुनाव

  • इस बार महापौर और अध्यक्षों का सीधे नहीं होगा चुनाव

  • निकायों के बाद पंचायतों के चुनाव होंगे

भोपाल, मध्यप्रदेश। प्रदेश में जैसे-जैसे वैक्सीनेशन का दायरा बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव की संभावनाएं और करीब आती जा रही हैं। प्रदेश में ताजा संकेतों के हिसाब से नगरीय निकाय चुनाव की कभी भी घोषणा हो सकती है। यह भी तय है कि यह नगरीय निकाय चुनावों के बाद ही पंचायतों के चुनाव होंगे। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। प्रदेश में 407 में से 347 नगरीय निकायों में चुनाव होंगे। इस बार का चुनाव कुछ अलग भी रहेगा। लंबे समय बाद महापौर और अध्यक्ष पद के लिए सीधे चुनाव नहीं होगा। अब निकायों के पार्षद ही उनका चुनाव करेंगे। इस तरह से अब अप्रत्यक्ष तरीके से चुनाव होगा। राज्य सरकार इस संबंध में पहले ही अध्यादेश लागू कर चुकी है।

इधर राज्य निर्वाचन आयोग ने भी चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने गुरुवार को नगरीय निकायों एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के आगामी आम निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि नगरीय निकाय आम निर्वाचन की तैयारी समय-सीमा में पूरी करें। निर्वाचन से संबंधित जो कार्यवाही शेष है, उसकी सूची बनाएं और प्रत्येक कार्य समय पर करें। तैयारी पूरी होते ही आम निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।

अब चुनाव कराया जाना संभव :

राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण के प्रभावी नियंत्रण और वैक्सीनेशन की स्थिति के मद्देनजर वर्तमान में आम निर्वाचन करवाया जाना संभव है। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण पहले से ही आम निर्वाचन बहुत लेट हो चुके हैं। सिंह ने कहा कि पहले नगरीय निकायों के निर्वाचन करवाए जाएंगे। श्री सिंह ने प्रत्येक सेक्शन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नई अमिट स्याही क्रय करने के आदेश जल्द जारी करें। नगरीय निकायों में बनने वाले स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की व्यवस्था करें। कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन हर स्तर पर किया जाए।

प्रथम चरण में 155 और दूसरे चरण में 192 निकायों में होगा मतदान :

बैठक में जानकारी दी कि प्रदेश में कुल 407 नगरीय निकाय हैं। इनमें से 347 में आम निर्वाचन कराये जाना है। दो चरण में मतदान होगा। प्रथम चरण में 155 और दूसरे चरण में 192 नगरीय निकायों में मतदान कराया जाएगा। महापौर-अध्यक्ष का निर्वाचन अप्रत्यक्ष प्रणाली से होगा। इन 347 नगरीय निकायों में सभी 16 नगर निगम शामिल हैं। कुल 19,955 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल अभी 60 नगरीय निकायों का कार्यकाल बाकी है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 03 मार्च 2021 को हो चुका है। नगरीय निकायों में मतदान ईवीएम से कराए जाएंगे।

पंचायत चुनाव तीन चरणों में होंगे :

पंचायत आम निर्वाचन तीन चरण में करवाए जाएंगे। त्रि-स्तरीय पंचायतों में पंच के 3 लाख 77 हजार 551, सरपंच के 23 हजार 912, जनपद पंचायत सदस्य के 6 हजार 833, जिला पंचायत सदस्य के 904, उप सरपंच के 23 हजार 912, जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के 313 और जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के 52 पदों का निर्वाचन कराया जाएगा। यहां बता दें कि नगरीय निकाय चुनाव बारिश के मौसम में कराने में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी, वहीं बारिश के बाद सितंबर-अक्टूबर में प्रदेश में पंचायतों के चुनाव होंगे। तब तक किसान खेती के काम से कुछ फुरसत में होंगे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com