हमारे ऋषि मुनियों ने सारी दुनिया को ज्ञान दिया है : राज्यपाल टंडन

मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन ने महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को संबोधित किया। जानिए क्या बोले राज्यपाल।
हमारे ऋषि मुनियों ने सारी दुनिया को ज्ञान दिया है : राज्यपाल टंडन
हमारे ऋषि मुनियों ने सारी दुनिया को ज्ञान दिया है : राज्यपाल टंडनSocial Media

राज एक्सप्रेस। मध्य प्रदेश के राज्यपाल एवं कुलाधिपति लालजी टंडन के मुख्य आतिथ्य में महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय का अष्टम दीक्षांत समारोह संपन्न हुआ। समारोह में कृषि, कला, अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी, ग्रामीण विकास एवं व्यवसाय प्रबंध, विज्ञान एवं पर्यावरण संकाय सहित पी.एच.डी. तथा स्वर्ण पदक विजेता विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।

राज्यपाल लालजी टंडन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुये कहा कि, उपाधियाँ प्राप्त करने के बाद जीवन के नए रास्ते खुल जाते हैं। किसी विधा में कड़ी मेहनत कर विशेषज्ञता हासिल करनी चाहिए। हमारी संस्कृति हजारों साल पुरानी है। दुनिया को ज्ञान-विज्ञान की देन हमारे पूर्वजों की देन है। सारी दुनिया में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने में भारतीय मूल के नागरिकों की अहम् भूमिका रही है। हमारे ऋषि मुनियों ने सारी दुनिया को ज्ञान दिया है। मेडिकल साइंस में आज भारत किसी से कम नहीं है। आज सारी दुनिया सुश्रुत को फादर आफ सर्जरी मानती है। कौटिल्य ने सारी दुनिया को सबसे पहले अर्थशास्त्र की सीख दी। शून्य की खोज भी भारत के महान गणितज्ञ आर्य भट्ट ने की।

मध्य प्रदेश के राज्यपाल टंडन ने कहा कि, भारत की आत्मा ग्रामों में रहती है। नानाजी देशमुख ने इसी को ध्यान में रखते हुए इस विश्वविद्यालय की शुरूआत की। उन्होंने नानाजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व की सराहना की। उनकी सोच से ही ग्राम विकास का माडल चित्रकूट में देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में शोध कार्य पर ध्यान देंगे तो उनके कैरियर के लिए बेहतर होगा। यदि आप किसी एक विषय में आगे बढ़ेगें तो देश के लिए अहम योगदान दे सकते हैं।

दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को देश की समृद्धि, विकास एवं अपने कर्तव्य पथ पर अग्रसर होने की शपथ दिलाई गई। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं को पदक एवं उपाधियां प्रदान की। समारोह में कुल 120 शोध उपाधि धारकों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 64 छात्र एवं 56 छात्राएँ शामिल थी। समारोह में 42 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए।

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com