वीडी शर्मा ने की प्रेस कांफ्रेंस
वीडी शर्मा ने की प्रेस कांफ्रेंसSocial Media

Bhopal : 'फूट डालो और राज करो' की नीति कांग्रेस के 'जीन' में शामिल

भोपाल, मध्यप्रदेश : वीडी शर्मा ने मीडिया से चर्चा के दौरान की यह टिप्पणी। जबलपुर में मुख्यमंत्री द्वारा जनजातीय वर्ग के हित की गई घोषणाओं की दी जानकारी।

भोपाल, मध्यप्रदेश। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि 'फूट डालो और राज करो' की नीति कांग्रेस और उसके नेताओं के जीन (अनुवांशिक गुणों) में शामिल है। श्री शर्मा ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान यह टिप्पणी की। वे राज्य की शिवराज सिंह चौहान सरकार द्वारा जनजातीय समुदायों के हित में शनिवार को जबलपुर में की गई घोषणाओं के संबंध में जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि श्री चौहान ने शनिवार को यह भी घोषणा की है कि राज्य में पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार) अधिनियम (पेसा एक्ट) लागू किया जाएगा, जिससे जनजातीय क्षेत्रों में स्वशासन को मजबूती मिलेगी। लेकिन इसे इस तरह लागू किया जाएगा, जिससे गैर जनजातीय समुदायों से जुड़े लोगों को कोई परेशानी नहीं हो।

लोकसभा सांसद श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा जनजातीय वर्ग का विकास चाहती है, लेकिन यह भी सुनिश्चित करेगी कि वर्ग संघर्ष की स्थिति नहीं बने। उन्होंने कहा कि वर्ग संघर्ष की स्थिति बनाना अथवा फूट डालो और शासन करो कांग्रेस और उसके नेताओं की नीति है। यह उनके 'जीन' में मौजूद है और यह काम उन्होंने हमेशा किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने हर मुद्दों को तरह जनजातीय मामलों में भी हमेशा झूठ बोला।

श्री शर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शनिवार को जबलपुर में जनजातीय वर्ग से जुड़े आयोजन में श्री चौहान की ओर से की गई घोषणाओं के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि सरकार ने छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय का नाम भी राजा शंकर शाह के नाम पर करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

श्री शर्मा ने कांग्रेस के 15 माह के शासन का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि उस समय के मुख्यमंत्री कमलनाथ राज्य के विभिन्न अंचलों की योजनाओं का बजट अपने क्षेत्र छिंदवाड़ा में ले गए थे। उन्होंने इस संबंध में छतरपुर के मेडिकल कॉलेज का उदाहरण भी दिया।

नो रिपीटेशन कोई कानून नहीं :

केंद्रीय नेतृत्व के गुजरात में हाल ही में नेतृत्व परिवर्तन और 'नो रिपीटेशन' फार्मूले के संबंध में सवाल किए जाने पर श्री शर्मा ने कहा कि 'नो रिपीटेशन' कोई कानून नहीं है। संगठन ने वहां की स्थितियों के अनुरूप सहज प्रक्रिया के रूप में निर्णय लिया है। हर स्थान की अपनी अपनी स्थितियां रहती हैं।

शराबबंदी का मामला नीतिगत विषय :

मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ नेता उमा भारती द्वारा राज्य में शराबबंदी की मांग उठाने और इस संबंध में सरकार तथा संगठन को 15 जनवरी तक का समय दिए जाने संबंधी सवाल के जवाब में श्री शर्मा ने कहा कि वे वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें हम सबको डांटने का अधिकार भी है। लेकिन जहां तक शराबबंदी का मामला है, यह नीतिगत विषय है और इस बुराई को सामाजिक जागरूकता के जरिए दूर किया जा सकता है।

इस मामले की जांच होनी चाहिए :

कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के पड़ोसी देश पाकिस्तान से संबंध होने संबंधी आरोपों के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में श्री शर्मा ने कहा कि निश्चित तौर पर यह गंभीर मामला है और इस मामले की जांच होना चाहिए।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com