Republic Day 2022 : कोरोना के बावजूद गरिमामय तरीके से मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस
Republic Day 2022 : 26 जनवरी को हर वर्ष हमारे देश में गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है, 26 जनवरी 1950 के दिन पहली बार हमारे देश का संविधान लागू किया गया था, इस दिन को पूरे भारतवर्ष में खुशी और उल्लास के साथ मनाया जाता है। लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण इस बार भी सादगीपूर्ण एवं गरिमामय तरीके से गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जायेगा।
विभागाध्यक्ष, संभागीय आयुक्त, कलेक्टर्स और अधिकारियों को निर्देश जारी :
मिली जानकारी के मुताबिक राजधानी भोपाल सहित सभी जिलों में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस गरिमामय तरीके से मनाया जाएगा। राज्य शासन ने इस वर्ष कोरोना संक्रमण को देखते हुए परेड में एनएसएस, स्काउट-गाइड व शौर्यदल को शामिल नहीं करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सभी विभागाध्यक्ष, संभागीय आयुक्त, कलेक्टर्स और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
परेड में एनएसएस, स्काउट-गाइड व शौर्यदल शामिल नहीं होंगे :
इस बार परेड का आयोजन सिर्फ जिला मुख्यालयों पर ही होगा। कोविड-19 के मद्देनजर परेड में एनएसएस, स्काउट-गाइड व शौर्यदल आदि भाग नहीं लेंगे, परेड के पश्चात घुड़सवारी का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद झांकियां निकाली जाएंगी। ध्वज संहिता का पालन सुनिश्चित कराने के लिये प्रत्येक स्तर पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
वहीं, 26 जनवरी 2022 गणतंत्र दिवस से पहले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने बड़ा फैसला किया है गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर अलंकरण समारोह और कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। मिली जानकारी के मुताबिक गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कल मध्यप्रदेश के संस्कृति विभाग द्वारा अलंकरण समारोह और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। रविन्द्र भवन में आयोजित होने वाले अलंकरण समारोह में राष्ट्रीय कबीर सम्मान, राष्ट्रीय मैथिलीशरण गुप्त सम्मान, राष्ट्रीय शरद जोशी सम्मान, राष्ट्रीय इकबाल सम्मान और राष्ट्रीय कवि प्रदीप सम्मान प्रदान किए जायेंगे।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।