MP के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सरकार रखे हुए निगाह, आज भी मोदी-शाह ने ली जानकारी

मध्यप्रदेश। कई इलाके भारी बारिश और बाढ़ से बेहाल हैं, मध्यप्रदेश के बाढ़ प्रभावित जिलों में बाढ़ की स्थिति पर राज्य सरकार लगातार निगाह रखे हुए है और राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।
MP के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सरकार रखे हुए निगाह
MP के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सरकार रखे हुए निगाहSocial Media

मध्यप्रदेश। प्रदेश के कई इलाके भारी बारिश और बाढ़ से बेहाल हैं, बता दें कि लगातार हो रही बारिश से कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। वहीं, कई जिलों में नदी में जलस्तर बढ़ने से कई लोग फंस गए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू किया जा रहा है वहीं, मध्यप्रदेश के बाढ़ प्रभावित शिवपुरी, श्योपुर, दतिया, भिंड, मुरैना, ग्वालियर और गुना जिलों में बाढ़ की स्थिति पर राज्य सरकार लगातार निगाह रखे हुए है और राहत एवं बचाव कार्य आज चौथे दिन भी जारी हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के जिला प्रशासन, चंबल ग्वालियर रेंज के आईजी और कमिश्नर से फोन पर चर्चा की है। उन्होंने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन और बाढ़ की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। वही शिवपुरी और भिंड में एयर ऑपरेशन शुरू हो गया है।शिवपुरी के करेरा काली पहाड़ी में और भिंड में 3 स्थानों पर एयर ऑपेरशन जारी है।देर रात काली पहाड़ी,शिवपुरी में 57 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, 35 लोगों को सुरक्षित निकालने का काम जारी है।टीला शिवपुरी में 13 लोगों को रेस्क्यू किया गया।

आज सुबह सीएम शिवराज ने प्रधानमंत्री से फोन पर की चर्चा :

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह प्रधानमंत्री से फोन पर चर्चा कर मध्यप्रदेश में बाढ़ की वर्तमान स्थिति, रेस्क्यू ऑपेरशन और राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी दी, सीएम ने प्राथमिक तौर पर बड़े स्तर पर हुए इंफ्रास्ट्रक्चर नुकसान, फसल नुकसान, बिजली आपूर्ति, टेलीकॉम नेटवर्क आपूर्ति व अन्य बुनियादी आवश्यकताओं के संबंध में प्रधानमंत्री जी को अवगत कराया एवं केंद्र सरकार द्वारा लगातार मिल रहे सहयोग के लिए आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि इस कठिन परिस्थिति में केंद्र सरकार मध्यप्रदेश के बाढ़ पीड़ितों के साथ है और प्रदेश को केंद्र द्वारा हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर बताया

आज गृह मंत्री से सीएम शिवराज सिंह चौहान ने फोन पर की चर्चा :

वहीं, गृह मंत्री से आज सीएम शिवराज सिंह चौहान ने फोन पर चर्चा की, मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री शाह को प्रदेश में बाढ़ से उत्पन्न विपरीत परिस्थितियों, राहत कार्यों, केंद्र के विभिन्न बचाव दलों से मिल रहे सहयोग एवं बुनियादी आवश्यकताओं के संबंध में विस्तार से बताया, गृहमंत्री शाह ने मध्यप्रदेश को हर संभव मदद का भरोसा देते हुए केंद्र की एक एडवांस टीम, क्षति आंकलन हेतु मध्यप्रदेश भेजने की बात कही। मुख्यमंत्री ने केंद्र से मिल रहे सहयोग के लिए गृहमंत्री को धन्यवाद दिया।

उपराष्ट्रपति ने भी मुख्यमंत्री को फोन कर मध्यप्रदेश में बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री चौहान ने उपराष्ट्रपति को मध्यप्रदेश में बाढ़ से उत्पन्न विपरीत हालात के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति नायडू को बताया कि मध्यप्रदेश के 5 जिले श्योपुर, शिवपुरी, दतिया, भिंड और मुरैना बाढ़ प्रभावित है, जहां मध्यप्रदेश पुलिस और अन्य बचाव दल लोगों को सुरक्षित स्थानों में पहुंचाने का काम निरंतर कर रहे हैं। उपराष्ट्रपति श्री नायडू ने मध्यप्रदेश में बाढ़ पीड़ितों के प्रति अपनी चिंता व्यक्त की है और आशा व्यक्त की है कि राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों को शीघ्र राहत पहुंचाएगी।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com