सिंधिया हर घर तिरंगा अभियान में हुए शामिल
सिंधिया हर घर तिरंगा अभियान में हुए शामिलShahid - RE

तिरंगा मात्र झंडा नहीं, हर भारतीय की पहचान और मान-सम्मान : ज्योतिरादित्य सिंधिया

ग्वालियर, मध्यप्रदेश : सिंधिया हर घर तिरंगा अभियान में हुए शामिल। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस चित्र प्रदर्शनी का किया उद्घाटन।

ग्वालियर, मध्यप्रदेश। केंद्रीय नागर विमानन और इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि तिरंगा मात्र एक झंडा नहीं, बल्कि हर भारतीय की पहचान और मान- सम्मान है, हमारी शान है। हमारा तिरंगा हमारी महान विभूतियों के तप और त्याग का प्रमाण है। सिंधिया रविवार को ग्वालियर में रानी लक्ष्मीबाई की छत्री परिसर में हर घर तिरंगा और अमृत महोत्सव कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर एक चित्र प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।

सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान से तिरंगे के साथ हमारा संबंध सिर्फ औपचारिक नहीं रह गया है, बल्कि तिरंगे का हर घर-घर के साथ ही, हर भारतवासी के दिल में बसने का काम शुरू हो गया है। रानी लक्ष्मीबाई का उल्लेेख करते हुए उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने विश्व इतिहास में अपनी वीरता और शौर्य की अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने कहा कि भारत ने कभी भी किसी अन्य देश या माटी के प्रति आक्रमकता की दृष्टि से नहीं देखा। उन्होंने कहा कि भारतवासी होने के नाते हमें इस बात का गर्व है कि भारत की माटी में ऐसी ताकत है कि जो कभी किसी के आगे नहीं झुकी और बाहरी आक्रमणकारियों को सदैव मुंह तोड़ जवाब दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारी भारत भूमि पवित्र भूमि है। चाहे मुगल फौज हो, पुर्तगाली हो या अंग्रेज फौज हो, किसी भी आक्रमणकारी को इस भारत भूमि पर टिकने नहीं दिया गया।

विभाजन के इतिहास को जानना और समझना जरूरी :

विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस का उल्लेख करते हुए सिंधिया ने कहा कि हमें विभाजन के इतिहास को जानना और समझना होगा। तभी हम वर्तमान का मार्ग तय कर सकेंगे और भविष्य की रणनीति भी बना सकेंगे। उन्होंने कहा कि विभाजन के समय ग्वालियर में महाराजा जीवाजी राव सिंधिया ने शरणार्थियों की भरपूर सहायता की थी। उन्होंने कहा कि भारत सभी को अपनाने वाला देश है। हमारे ग्रंथों में है कि पूरा विश्व एक परिवार है। यही कारण है कि यूक्रेन संकट के दौरान पोलैंड, रूमानिया और अन्य देशों में रहने वाले प्रवासी भारतीयों ने भारतीयों की खूब मदद की। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद विवेक शेजवलकर ने कहा कि आज़ादी हमें मुफ्त में नहीं मिली थी, विभाजन के कारण पीड़ादायक स्थिति भी बनी। उन्होंने भारत के इतिहास को सही ढंग से सहेजने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में अनेकों लोगों ने बलिदान दिया व देश के बंटवारे में अनेकों परिवार बेघर हुए एवं अपनी सम्पत्ति और अपनों को खोने के लिए मजबूर हुए। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को अपने इतिहास को जानना चाहिए और जो गलतियां हुई हैं उसे सुधारने का कार्य भी किया जाना चाहिए।

शुरू में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने रानी लक्ष्मीबाई समाधि परिसर में तिरंगा फहराया और वीरांगना को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होने विभाजन विभीषिका स्मृति चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और विभाजन की विभीषिका झेलनेवाले कुछ लोगों का सम्मान भी किया। यहां बता दे कि सिंधिया परिवार से ज्योतिरादित्य सिंधिया पहले सदस्य है जो पहली बार रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल पहुंचे। विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में लगाई गई प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और विभाजन की विभीषिका का सामना करने वाले 1947 में ग्वालियर आए नागरिकों का शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।

इस मौके पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी मंत्री भारत सिंह कुशवाह, बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष श्रीमती इमरती देवी, पूर्व मंत्री श्रीमती माया सिंह, नगर निगम सभापति मनोज सिंह तोमर, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, अशोक शर्मा, रामबरन सिंह गुर्जर, सुरेन्द्र शर्मा, हरीश मेवाफरोश सहित जनप्रतिनिधि और संभागायुक्त आशीष सक्सेना, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com