आज 21 लाख दीपों से जगमग होगा उज्जैन
आज 21 लाख दीपों से जगमग होगा उज्जैनसांकेतिक चित्र

Ujjain : आज 21 लाख दीपों से जगमग होगा उज्जैन

भोपाल, मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर एक मार्च को भगवान श्री महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन में शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव में शामिल होंगे।

भोपाल, मध्यप्रदेश। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर एक मार्च को भगवान श्री महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन में शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव में शामिल होंगे। महोत्सव में पुण्य सलिला मां क्षिप्रा के विभिन्न घाटों, देवस्थानों, मंदिरों सहित उज्जैन नगर में घर-घर दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव में 21 लाख दीप प्रज्जवलित करने का लक्ष्य रखा गया है। महोत्सव के लिए राणौजी की छतरी पर बने स्टेज से मुख्यमंत्री चौहान महोत्सव में शामिल होंगे तथा रामघाट पर दीप प्रज्जवलित करेंगे।

महाशिवरात्रि पर्व पर त्रिवेणी कला संग्रहालय उज्जैन में शिव सत्य की कला अभिव्यक्तियों पर केन्द्रित महादेव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। एक मार्च महाशिवरात्रि से आरंभ यह कार्यक्रम तीन मार्च तक चलेगा। इसमें व्याख्यान के साथ शास्त्रीय एवं लोक नृत्य शैलियों में नृत्य नाटिका और समूह नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही भक्ति गायन, लोक गायन, चित्रांकन शिविर और प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

महोत्सव के लिए उज्जैनवासियों में अपार उत्साह है। क्षिप्रा नदी पर स्थित घाटों पर 13 लाख दीप प्रज्जवलित करने की व्यवस्था की गई है। महोत्सव में क्षिप्रा नदी स्थित रामघाट, दत्त अखाड़ा, नरसिंह घाट, रविदास घाट, गुरूनानक घाट, सुनहरी घाट आदि पर दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। इसके अलावा महाकाल मंदिर, हरसिद्धि मंदिर, मंगलनाथ मंदिर, गोपाल मंदिर, काल भैरव, गढ़कालिका और सिद्ध वट पर भी दीप शोभायमान होंगे। टॉवर चौराहा, शहीद पार्क, क्षीरसागर और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जन-सहभागिता से बड़ी संख्या में दीप प्रज्जवलित करने की योजना है। शहर के लोग अपने-अपने घरों में भी दीप जलाएंगे। इस पूरी व्यवस्था के लिए सेक्टर प्रभारियों को दायित्व सौंपा गया है। शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव को गिनीज वर्ल्ड ऑफ रिकार्ड में दर्ज कराने के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवी जुटे हैं। स्वयंसेवी संस्थाएं, सामाजिक संगठन, धार्मिक संस्थान, खिलाड़ी, व्यापारी, विद्यार्थी और अखाड़ों के संतगण भी अभियान में शामिल हैं। क्षिप्रा नदी के घाटों पर 13 लाख दीपों सहित मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों, घरों में समग्र रूप से 21 लाख दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे।

एक स्वयंसेवक पर 100 दीयों के प्रज्जवलन का दायित्व :

महोत्सव में घर-घर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। समस्त व्यावसायिक स्थलों और प्रतिष्ठानों पर आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की जाएगी। उज्जैन शहर को भी सजाया जाएगा। क्षिप्रा नदी के तटों पर दीप प्रज्जवलन के लिए सात सेक्टर बनाए गए हैं। तेरह लाख मिट्टी के दीयों के प्रज्जवलन में 13 हजार स्वयंसेवकों की भागीदारी रहेगी, जिसका पर्यवेक्षण 200 पर्यवेक्षक करेंगे। इस आयोजन के लिए 6 समितियों का गठन किया गया है। प्रत्येक 100 दीयों के प्रज्जवलन का दायित्व एक स्वयंसेवक पर होगा। प्रत्येक ब्लॉक में 200 दीपक होंगे, प्रत्येक उप क्षेत्र में 10 हजार ब्लॉक होंगे।

जीरो वेस्ट स्वरूप में आयोजित होगा कार्यक्रम :

एक साथ 21 लाख दीप प्रज्जवलित करने के इस महोत्सव को रिकार्ड के रूप में दर्ज करने के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड की टीम उज्जैन पहुंच गई है। प्रयास यह है कि कार्यक्रम जीरो वेस्ट स्वरूप में हो। महोत्सव में ऐसी सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिसकी रिसाइक्लिंग संभव होगी। महाशिवरात्रि पर्व पर त्रिवेणी कला संग्रहालय उज्जैन में महादेव-शिव सत्य की कला अभिव्यक्तियां में व्याख्यान, नृत्य, संगीत और चित्रांकन पर केन्द्रित तीन दिवसीय कार्यक्रम होगा। एक मार्च को अर्द्धनारीश्वर स्वरूप तथा महिमा विषय पर उज्जैन के डॉ. बालकृष्ण शर्मा का व्याख्यान होगा। साथ ही भुवनेश्वर के गुरू अतसी मिश्रा एवं समूह द्वारा शास्त्रीय एवं लोकनृत्य शैलियों पर केन्द्रित कल्याण सुन्दरम् नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। उज्जैन के नितिन अखंड एवं साथी भक्ति गायन में शिव महिमा प्रस्तुत करेंगे। इसी तरह दो और तीन मार्च को भी अलग- अलग कार्यक्रम होंगे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com