विविधता में एकता हमारे देश की संस्कृति है : मंगुभाई पटेल
विविधता में एकता हमारे देश की संस्कृति है : मंगुभाई पटेलSocial Media

विविधता में एकता हमारे देश की संस्कृति है : मंगुभाई पटेल

भोपाल, मध्यप्रदेश : राज्यपाल मंगुभाई पटेल गणतंत्र दिवस की संध्या पर आयोजित लोकरंग कार्यक्रम एवं रवींद्र सभागम केंद्र के लोकार्पण समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया।

भोपाल, मध्यप्रदेश। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि विविधता में एकता हमारे देश की संस्कृति है। विविधता हमारे देश की धरोहर है। हमारी संस्कृति, साहित्य, कला का विकास और सुरक्षा हमारा कर्त्तव्य है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और साहित्य में नैतिक मूल्यों और जीवन की उत्कृष्टता का खजाना छुपा है।

श्री पटेल गणतंत्र दिवस की संध्या पर आयोजित लोकरंग कार्यक्रम एवं रवींद्र सभागम केंद्र के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

राज्यपाल ने कहा है कि हमारी सांस्कृतिक विविधता सही अर्थों में हमारे देश की धरोहर है, इसका निरंतर संरक्षण और विकास सुनिश्चित करना हम सभी देशवासियों का कर्त्तव्य है। सांस्कृतिक आयोजन हमारे लोक मूल्यों, कलात्मक समृद्धता को उजागर कर युवाओं और भावी पीढ़ी को हमारी सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराते हैं। कला के विभिन्न स्वरूपों के सांस्कृतिक कार्यक्रम संस्कृति के नैतिक मूल्यों और मान्यताओं को प्रस्तुत कर, हमारी सांस्कृतिक विविधताओं में निहित भावनात्मक एकत्व को मजबूत बनाते हैं।

श्री पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय गौरव को जागृत रखने के लिए स्वाभिमान और बलिदान की परंपराओं से नई पीढ़ी को परिचित और प्रेरित कराना जरूरी है। इतिहास के पन्नों में छूट गए राष्ट्र नायक, नायिकाओं और समाज के विभिन्न वर्गों और समुदायों के योगदान से आमजन को परिचित कराने का प्रयास करें।

राज्यपाल ने कहा कि, आजादी के वीर और वीरांगनाओं के त्याग और तप की गाथाओं से भावी पीढ़ी को परिचित कराएँ। उन्हें सेवा, कर्त्तव्य पालन और राष्ट्र भक्ति के मूल्यों से संस्कारित और समृद्ध करें। वीरों के संघर्ष, त्याग, बलिदान की गौरवशाली परम्पराओं और स्वतंत्रता के 75 वर्षों की उपलब्धियों के आधार पर नए विचारों और नए संकल्पों के साथ प्रतिबद्ध करायें। उन्होंने कार्यक्रम में पुरस्कृत संस्थाओं और कलाकारों से राज्य सरकार द्वारा सिकलसेल रोग के उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों में सहयोग करने का आग्रह किया।

राज्यपाल श्री पटेल एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दीप प्रज्जवलित कर नवनिर्मित 'रवींद्र सभागम केंद्र' का लोकार्पण और जनजातीय एवं लोक कलाओं के 37वें राष्ट्रीय समारोह 'लोकरंग' का शुभारंभ किया। प्रमुख सचिव संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने वाले विजेता विशेष सत्र बल के अधिकारी-कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक दलों, लोक नृत्य दलों, कोरोना काल में सक्रिय भूमिका निभाने वाले महानुभावों और सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं को पुरस्कृत किया गया।

प्रख्यात फिल्म अभिनेता अन्नू कपूर और अन्य कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित थे। संचालक संस्कृति अदिति कुमार त्रिपाठी ने आभार व्यक्त किया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com