खंडवा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर दिग्गजों ने व्यक्त किया शोक

भोपाल, मध्यप्रदेश : भाजपा वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं खंडवा सांसद नंदकुमारसिंह चौहान के असामायिक निधन पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया।
नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर PM मोदी समेत कई नेताओं का आया शोक संदेश
नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर PM मोदी समेत कई नेताओं का आया शोक संदेशPriyanka Sahu -RE

भोपाल, मध्यप्रदेश। भाजपा वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं खंडवा सांसद नंदकुमारसिंह चौहान के असामायिक निधन पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्री चौहान का असमय निधन भारतीय जनता पार्टी के लिये अपूरणीय क्षति है। संगठनात्मक रूप से उनकी पूर्ति असंभव है। श्री नंदू भैया सरल व सहज स्वभाव के धनी, राजनीति के संत एवं कुशल संगठक थे।

नंदू भैया का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति : शिवराज सिंह

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने संसद सदस्य नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर गहन दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति और परिजनों को इस गहन दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि स्वर्गीय नंदकुमार सिंह चौहान लोकप्रिय नेता, कुशल संगठक, प्रशासक और जनता के सेवक थे। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के साथ कार्य किया। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अपना सर्वोत्कृष्ट योगदान दिया। वे पुरानी और नई पीढ़ी को जोडऩे वाले नेता थे। उनके निधन से जनता ने अपने सेवक और प्रदेश ने अपने नेता को खोया है। पार्टी ने कुशल संगठक और मैंने अपने भाई को खोया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लोकप्रिय जननेता नंदकुमार सिंह चौहान हम सबको छोड़कर चले गए। उन्हें बचाने के हमारे सभी प्रयास विफल हुए। मैं बहुत व्यथित हूं। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं।

पूरे मध्यप्रदेश के लिए बड़ी क्षति : वीडी शर्मा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और खंडवा के लोकप्रिय सांसद नंदकुमार चौहान जी के दुखद निधन से स्तब्ध हूं। उन्होंने भाजपा मध्यप्रदेश के अध्यक्ष के रूप में संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं को गढ़ने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी सादगी, स्पष्टता, सौम्यता उनके व्यक्तित्व को अन्य से प्रथक बनाती थी। उनका यूं अचानक जाना भाजपा परिवार ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से विनम्र प्रार्थना है कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहन करने का संबल दें, शांति!

निधन की दुखद सूचना से स्तब्ध और आहत हूं : डॉ. मिश्रा

प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि नंदू भैया आप बहुत याद आएंगे, आपका देवलोक गमन हम सबके लिए बड़ी क्षति है। खंडवा के लोकप्रिय सांसद और बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान जी के निधन की दुखद सूचना से स्तब्ध और आहत हूं। सरलता, सहजता और साफगोई के लिए पहचाने जाने वाले नंदू भैया का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। नंदू भैया का निधन हमारे प्रदेश के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। उनकी विनम्रता हमेशा याद आएगी।

हमने कुशल संगठक और जनसेवक खो दिया : भार्गव

प्रदेश के लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री गोपाल भार्गव ने भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा खंडवा के सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि श्री चौहान के निधन से प्रदेश में जनसेवा के लिए समर्पित, सहज, सरल और कुशल संगठक को खो दिया है। उनका जाना पार्टी के लिए अपूर्णनीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस दुख को सहन करने की सामर्थ्य प्रदान करें।

पार्टी के आधार स्तंभ थे सांसद चौहान : गौतम

मप्र विधानसभा के अध्यक्ष गिरीश गौतम ने भाजपा सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री गौतम ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री चौहान एक लोकप्रिय जननेता और पार्टी के आधार स्तंभ थे। उनके निधन से प्रदेश और पार्टी को अपूर्णीय क्षति हुई है। श्री गौतम ने उनके परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने और स्वर्गीय श्री चौहान को श्री चरणों मे स्थान देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

अत्यंत दु:खद समाचार : सिलावट

प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सांसद एवं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है। श्री सिलावट ने अपने ट्वीट के जरिए शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा 'अत्यंत दु:खद! भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व लोकसभा सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान जी के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को सहनशक्ति दे एवं दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में उचित स्थान प्रदान करें।'

समाज के हर वर्ग का बजट : सुरेश धाकड़

लोक निर्माण राज्यमंत्री सुरेश धाकड़ ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार का बजट समाज के हर वर्ग किसान, व्यवसायी, और श्रमिक कल्याण का बजट है। यह राज्य सरकार की नियत-निष्ठा और विकास की प्रतिबद्धता का बजट है। इससे आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश का मार्ग प्रशस्त होगा।

पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए रोल मॉडल थे नंदू भैया: मुरलीधर

मप्र भाजपा के प्रभारी मुरलीधर राव ने पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए इसे पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया हुए कहा है कि स्वर्गीय नंदू भैया पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए रोल मॉडल थे। श्री राव ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री चौहान जिन्हें हम नंदू भईया कहते हैं, हम हमारे बीच नहीं रहे। उनका व्यक्तित्व अत्यंत मिलनसार, सहज और सादगीपूर्ण था। उन्होंने कहा कि पार्टी का आज जो विस्तार हम देख रहे हैं, उसमें दो बार प्रदेश अध्यक्ष रहे नंदू भैया की महत्वपूर्ण भूमिका है। वह एक अजातशत्रु थे। उनके निधन से पार्टी में जो रिक्तता आई है, उसकी पूर्ति असंभव है। उनका निधन पार्टी के साथ-साथ मेरे लिए भी बड़ी क्षति है।

सहज और सरल नेता थे नंदकुमार सिंह चौहान : देवड़ा

प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। श्री देवड़ा ने विधानसभा में बजट प्रस्तुत करने के बाद सर्वप्रथम श्री चौहान को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि श्री चौहान लोकप्रिय सांसद थे और मुझे उनके साथ कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ, बड़े सहज एवं सरल नेता थे। उन्होंने ईश्वर से श्री चौहान की आत्मा की शांति और परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। श्री देवड़ा ने कहा कि वे सांसद और विधायक के रूप में काफी लोकप्रिय रहे और उन्होंने जनता के लिए सर्वोत्तम कार्य किए हैं। मैं उनको हृदय से श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं।

कुशल जनसेवक थे नंदकुमार सिंह चौहान : प्रद्युम्न सिंह

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने लोकसभा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के असामयिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि स्व. श्री चौहान बहुत ही सरल और सहज स्वभाव के व्यक्ति थे। वे कुशल संगठक और जन सेवक थे। श्री तोमर ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

कमलनाथ ने नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर शोक जताया

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने खंडवा से भाजपा सांसद एवं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर शोक व्यक्त किया है। श्री कमलनाथ ने अपने ट््वीट के जरिए शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि खंडवा के सांसद नंदकुमार चौहान के दुखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे।

नंदकुमार चौहान का आकस्मिक निधन दुखद : अरुण यादव

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण यादव ने खंडवा से भाजपा सांसद एवं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर शोक व्यक्त किया है। श्री यादन ने ट्वीट कर कहा कि खंडवा से सांसद नंदकुमार सिंह चौहान (नंदू भैया) का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com