महिला दिवस के कार्यक्रम सिर्फ कर्मकांड न हो : सीएम श्री चौहान

भोपाल, मध्यप्रदेश : महिला सशक्तिकरण के प्रतीक अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रम यादगार बनाए जाएं। इनका संदेश दूर तक जाना चाहिए।
महिला दिवस के कार्यक्रम सिर्फ कर्मकांड न हो : सीएम श्री चौहान
महिला दिवस के कार्यक्रम सिर्फ कर्मकांड न हो : सीएम श्री चौहानRaj Express

भोपाल, मध्यप्रदेश। महिला सशक्तिकरण के प्रतीक अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रम यादगार बनाए जाएं। इनका संदेश दूर तक जाना चाहिए। कार्यक्रम सिर्फ कर्मकांड न हों बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने के कार्य भी निरंतर किए जाएं। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को मंत्रालय में आयोजित आठ मार्च महिला दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा बैठक में कही। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कार्यक्रमों में संघर्ष से सफलता तक पहुंची महिलाएं स्वयं अपनी कहानी कहें। कार्यक्रमों का स्वरूप ऐसा हो, जिसे याद रखा जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि महिला दिवस पर वे राजधानी में विभिन्न क्षेत्रों की सफल महिलाओं के साथ वृक्षारोपण में सम्मिलित होंगे।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आगामी 08 मार्च को हो रहे दो प्रमुख राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में प्रथम कार्यक्रम हुनर हाट होगा जो भोपाल हाट में 10.30 बजे से होगा। दूसरा प्रमुख कार्यक्रम नेहरू स्टेडियम में दोपहर तीन बजे से होगा। इसमें लगभग 6 हजार प्रतिभागी रहेंगे। कार्यक्रम में ग्रामीण स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ का ऋण वितरण किया जाएगा। राजधानी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण ग्राम पंचायतों में भी देखा जाएगा। इसी तरह भोपाल हाट में हो रहे हुनर हाट की तर्ज पर जिलों में भी कार्यक्रम होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला दिवस पर लग रहे हुनर हाट का प्रत्येक दायित्व महिला सम्हाले, ऐसे प्रयास किए जाएं। महिला सशक्तिकरण की प्रतीक कामयाब महिलाएं मंच पर रहें। अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी दर्शक दीर्घा में रहें। प्रशासन, खेल, राजनीति, समाजसेवा, उद्योग आदि क्षेत्रों में कार्यरत कामयाब महिलाएं मंचासीन हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकल को वोकल बनाने में भी सहयोग करें। स्व-सहायता समूहों के कार्य को विश्व तक पहुंचाएं। कोदो-कुटकी के व्यंजन, खिलौने, घरेलू उपयोग की वस्तुओं, श्रंगार सामग्री और कलात्मक वस्त्रों की खरीद करें और समूहों को मार्केटिंग का लाभ दिलवाकर उनके उत्पाद अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पहुंचाएं। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास मनोज श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास अशोक शाह, आयुक्त जनसंपर्क डॉ. सुदाम खाडे उपस्थित थे।

महिला स्व-सहायता समूहों से उत्पाद खरीदें :

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हुनर हाट में 8 से 10 मार्च तक विभिन्न स्व-सहायता समूहों की परिश्रमी और हुनरमंद महिलाओं द्वारा तैयार उत्पाद सभी को खरीदना चाहिए। ये हुनर हाट जिलों में भी लग रहे हैं। जनप्रतिनिधि, अधिकारी, नागरिक समूहों की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में सहयोग करें।

इन जिलों की है सक्रिय भागीदारी :

तीन दिवसीय हुनर हाट में करीब 50 स्व-सहायता समूह उत्पाद लेकर आएंगे। जिन जिलों से अधिक संख्या में समूह आ रहे हैं उनमें बालाघाट और डिण्डौरी से सात-सात, पन्ना और मंडला से पाँच-पाँच समूह शामिल हैं। इसके अलावा रायसेन, बड़वानी, अनूपपुर, सतना, उमरिया जिले भी सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। प्रमुख उत्पादों में डिण्डौरी से कोदो-कुटकी, पॉवरलूम वस्त्र और गोंडी चित्रकला, अनूपपुर से शहद, सीहोर से काष्ठशिल्प, मण्डला से वस्त्रकला शामिल हैं। समूहों के स्टॉल पर उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय होगा। बैठक में जानकारी दी गई कि महिला दिवस के अवसर पर ग्राम सभाओं का आयोजन भी हो रहा है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com