कवर्धा में मधुमक्खियों का हमला, 12 मजदूर घायल और 4 की हालत गंभीर
हाइलाइट्स-
छत्तीसगढ़ के कवर्धा में मधुमक्खियों का आतंक
कवर्धा जिले में मधुमक्खियों ने मजदूरों पर बोला हमला
मधुमक्खियों के हमले से एक बच्चे सहित 12 लोग हुए घायल
घायल हुए लोगों में 4 की हालत गंभीर
रोजगार सहायक ने तत्काल 108 को दी सूचना
सभी को बोड़ला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया
कवर्धा, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ में मधुमक्खियों का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन मधुमक्खियों द्वारा हमले किए जाने खबर सामने आती रहती है। हाल ही में कवर्धा जिले में मजदूरों पर मधुमक्खियों ने हमला बोला है। जिले के बोड़ला ब्लॉक अंतर्गत वनांचल ग्राम कौहापानी में मनरेगा कार्य करने गए मजदूरों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से एक बच्चे सहित 12 लोग घायल हो गए। वहीं, इस दौरान घायल हुए लोगों में 4 की हालत गंभीर है। सभी को बोड़ला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कुकरा पानी, कौहापानी सहित आसपास के दर्जनों मजदूर शुक्रवार सुबह 8 बजे मनरेगा में काम में पहुंचे थे। काम करने के दौरान पास के पेड़ से मधुमक्खियों का झुंड उनकी तरफ आया और उनपर हमला कर दिया। मधुमक्खियों को देख सभी मजदूर भागने लगे। भागम-भाग के दौरान भी कुछ मजदूर गिरकर जख्मी हो गए।
घटना के बाद सभी घायल जमीन पर तड़पने लगे, जिसके बाद रोजगार सहायक ने तत्काल 108 को सूचना दी। सूचना के बाद एम्बुलेंस से सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की खबर मिलने के बाद इलाके में दशहत का माहौल बना हुआ है। बता दें, इससे पहले भी छत्तीसगढ़ से कई बार मधुमक्खियों के हमले खबर आ चुकी है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।