भाजपा के दामन में खून के छींटे हैं, जब तक धरती लाल नहीं होती इनको चैन नहीं मिलता: सीएम बघेल
रायपुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) आज सरगुजा संभाग के रामानुजगंज के लिए रवाना हुए। इससे पहले उन्होंने रायपुर में मीडिया से बात करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। नारायणपुर में आदिवासियों को आपस में लड़ाने वाली बात पर सीएम भूपेश ने भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि, इनके भाजपा पास लड़ाने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। आदिवासियों के लिए इन्होंने कुछ किया नहीं है। 15 साल तक इनको मौका मिला लेकिन बस्तर के लोगों के लिए कुछ किया नहीं। लोग पलायन के लिए बाध्य हो गए थे।
भूपेश बघेल ने कही यह बात:
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, "भाजपा के दामन में खून के छींटे हैं, जब तक धरती लाल नहीं होती इनको चैन नहीं मिलता। कर्नाटक चुनाव पर पूरे देश की निगाहें हैं, एक तरफ़ खूब पैसा बाँटा जा रहा है, दूसरी तरफ़ हमें जनता का खूब प्यार मिल रहा है। 13 तारीख को भाजपा को सबक मिल जाएगा।"
विद्यार्थियों को दी बधाई:
वहीं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि, "बच्चों को खूब बधाई. इसी प्रकार आगे बढ़ते रहें। जिनको अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नहीं मिला है, वे अपनी कमियों को देखें, सुधार करें, सफलता अवश्य मिलेगी।"
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, "अपने आकाओं को खुश करने में ED लगी हुई है। सबको पता है कि जनता को भरोसा कांग्रेस पर है, फिर से कांग्रेस सरकार आ रही है। इसलिए बदनाम करने के लिए यह कोशिशें जारी हैं।"
उन्होंने कहा कि, "बजरंगबली की कृपा कांग्रेस पर ही रहेगी। हनुमान जी का गदा अन्यायी और अत्याचारियों पर चलता है, भ्रष्टाचारियों के सिर पर गदा गिरेगा।"
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।