सकारात्मक परिवर्तन वर्ष 2023 कार्यक्रम में शामिल हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, सीएम बघेल ने कही यह बात
हाइलाइट्स-
अपनी बेटी के साथ रायपुर पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू।
एयरपोर्ट पर सीएम बघेल और राज्यपाल विश्वभूषण हरिश्चंद ने किया स्वागत।
राष्ट्रपति को एयरपोर्ट पर गॉड ऑफ ऑनर दिया गया।
रायपुर, छत्तीसगढ़। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंची हैं। इस दौरान राष्ट्रपति के साथ उनकी बेटी इतिश्री भी पहुंची हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर पहुंचते ही राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रपति मुर्मू का स्वागत किया। यह पहला मौका है कि, जब राष्ट्रपति अपनी बेटी के साथ किसी यूनिवर्सिटी और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।
बात दें कि, स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने राष्ट्रपति मुर्मु का स्वागत किया। राज्यपाल के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजीपी अशोक जुनेजा, कलेक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, एसएसपी प्रशांत अग्रवाल और महापौर एजाज ढेबर भी मौजूद रहे।
वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र तथा सुभद्रा जी के दर्शन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की कामना की। इस अवसर पर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक कुलदीप जुनेजा, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, महापौर एजाज ढेबर सहित अन्य अतिथि, अधिकारीगण एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
सकारात्मक परिवर्तन वर्ष 2023 कार्यक्रम का किया शुभारंभ:
बता दें, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर के शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के वार्षिक परियोजना सकारात्मक परिवर्तन वर्ष का शुभारंभ करने पहुँची। कार्यक्रम में राष्ट्रपति का स्वागत शाल और प्रतीक चिन्ह से किया गया। मंच पर राष्ट्रपति के साथ मौजूद राज्यपाल और मुख्यमंत्री का भी ब्रह्मकुमारी सेवा सरोवर की ओर से स्वागत हुआ। राष्ट्रपति ने दीप प्रज्वलित कर सकारात्मक परिवर्तन वर्ष 2023 का शुभारंभ किया। राष्ट्रपति यहां पर विश्वविद्यालय के वार्षिकोत्सव ‘ईयर ऑफ पॉजिटिव चेंज’ थीम को लॉन्च किया।
भूपेश बघेल ने कही यह बात:
इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संबोधित करते हुए कहा कि, राष्ट्रपति जी का आगमन छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए बहुत गौरव का क्षण है। उनकी इस यात्रा के लिए मैं छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ नागरिकों की ओर से आपको बहुत धन्यवाद देता हूं। आज राष्ट्रपति, पूरे देश की मुखिया के आगमन से हम छत्तीसगढ़ के लोग विशेष आत्मीयता का अनुभव कर रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे कोई अपना, अपने ही घर आया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कार्यक्रम को किया संबोधित:
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि, "मैं यहां पहले भी आ चुकी हूं, फिर से बुलाने के लिए आप सभी को धन्यवाद, छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया, एक ओर हमारा देश नित-नई ऊंचाइयों को छू रहा है, चांद पर तिरंगा लहरा रहा है या विश्वस्तर खेल में कीर्तिमान रच रहा है। हमारे देशवासी अनेक नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। दूसरी ओर एक अत्यंत गम्भीर विषय है कुछ दिन पहले नीट की तैयारी कर रहे दो विद्यार्थियों ने अपने जीवन, अपने सपनों अपने भविष्य का अंत कर दिया. ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए, बल्कि हमें प्रतिस्पर्धा को सकारात्मक रूप से लेना चाहिए, हार-जीत तो होती रहती है।"
उन्होंने कहा कि, "छात्रों को संदेश धैर्य और कड़ी मेहनत के साथ अपनी रुचि के क्षेत्र में करें प्रयास, कभी निराश न हों। सभी को जय जोहार! पूरी मानवता के कल्याण के लिए ब्रह्मकुमारी परिवार बहुत अच्छा कार्य कर रहा है। मैं इसके लिए बधाई देती हूं। सकारात्मक परिवर्तन को लेकर ओडिशा में यह कार्यक्रम शुरू हुआ है और मैं आज यहाँ आप सभी के बीच में भी हूं। मैं यहां पहले ही आ चुकी हूं। फिर से बुलाने के लिए आप सभी को धन्यवाद। छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया।"
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।